गरीबों से गद्दारी करने वाले अब सेना और वैज्ञानिकों का अपमान ... - CG Sandesh

गरीबों से गद्दारी करने वाले अब सेना और वैज्ञानिकों का अपमान कर रहे - मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान में शुक्रवार को ओडिशा के कोरापुट, तेलंगाना के महबूबनगर और आंध्र के करनूल में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तीनों राज्यों की सरकारों और मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधा। मोदी ने करनूल में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को यू-टर्न बाबू बताया। उन्होंने कहा कि नायडू ने राज्य के विकास को दरकिनार कर दिया।

मोदी ने कहा, आंध्र के लोगों को पता है कि किसके खचाने भरे गए। चौकीदार ने जैसे ही हिसाब मांगा यूटर्न बाबू ने आंध्र के विकास से यूटर्न ले लिया और एनडीए से बाहर हो गए। मोदी ने कहा कि आंध्र के विकास के लिए डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत है। राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार होनी चाहिए।  

भारत अब अंतरिक्ष में भी चौकीदारी करने में सक्षम: मोदी

महबूबनगर में उन्होंने कहा कि देश के गरीबों के साथ गद्दारी कर रहे लोग अब वैज्ञानिक, सेना और नौजवानों का अपमान कर रहे हैं। भारत अब अंतरिक्ष में भी चौकीदारी करने में सक्षम है। यहां की सरकार ने मुझे तेलंगाना में काम नहीं करने दिया।

मोदी ने कोरापुट में कहा, ''ओडिशा के विकास के लिए आपके सेवक ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। दो दिन पहले ही ओडिशा एक ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धि का गवाह बना, जिसने पूरी दुनिया को भारत की ताकत से परिचय कराया। भारत अब अंतरिक्ष में भी चौकीदारी करने में सक्षम है। जब नीयत साफ होती है, तो अंतरिक्ष में भी सफलता तय होती है। ये नए भारत के नए आत्मविश्वास की ताकत है। इस पर पूरा देश गर्व कर रहा है। जिन्हें भारत की यह उपलब्धि छोटी नजर आती है उनकी कथनी और करनी को भी पूरा देश देख रहा है। सात दशकों से गरीबों के साथ गद्दारी कर रहे लोग अब इतना बौखला गए हैं कि देश के वैज्ञानिक, सेना और नौजवानों का आए-दिन अपमान करने लगे हैं।''

गरीबों का भला नहीं करना चाहती बीजद
साथियों हम देशभर की बड़ी पंचायतों में अस्पताल खोलने का काम कर रहे हैं। देशभर के 17 लाख गरीब मरीजों को आयुष्मान भारत का लाभ मिला है। लेकिन लाभ लेने वाले इन लोगों में ओडिशा का एक भी गरीब नहीं है। क्योंकि, यहां की सरकार आयुष्मान योजना से नहीं जुड़ रही। पता नहीं उनका क्या गणित है या ऐसा लगता है वो आपका भला नहीं करना चाहते। ओडिशा की सरकार इससे जुड़ जाती तो सिर्फ राज्य में ही नहीं बल्कि देश में कहीं भी उसे चिकित्सा की सुविधा मिल जाती। लेकिन ओडिशा सरकार को गरीबों की परवाह नहीं है।

किसानों को केंद्र की योजना से दूर रख रही राज्य सरकार
मोदी ने कहा, “जो खेल इन्होंने आपके स्वास्थ्य के साथ किया, वही खेल किसानों के साथ भी कर रहे हैं। पीएम किसान योजना के तहत हम 12 करोड़ गरीब किसानों की मदद कर रहे हैं, लेकिन इसमें उड़ीसा के एक भी किसान को इस योजना का लाभ नहीं मिला है। क्योंकि सरकार के पास लाभार्थी किसानों की सूची देने तक का समय नहीं है। किसानों के नाम पर यहां फर्जी लोगों को मदद देने का सिलसिला चल रहा है। यह खेल बंद होने का समय आ गया है।”

कल भी तीन राज्यों में रैलियां की थीं

मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर, उत्तरप्रदेश के मेरठ और जम्मू-कश्मीर के अखनूर से रैलियां की थीं। इन तीन क्षेत्रों में पहले चरण के तहत 11 अप्रैल को मतदान होने हैं। मेरठ में मोदी ने विपक्ष के महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा और इसे महामिलावट बताया था। उन्होंने यूपी में लोकसभा चुनाव के लिए हुए सपा, रालोद और बसपा के गठबंधन की तुलना 'सराब' से की। प्रधानमंत्री ने कहा था कि शराब इतनी बुरी चीज है कि लोगों की जिंदगी बर्बाद कर देती है। पीएम ने सर्जिकल और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को भी आड़े हाथों लिया और पूछा कि देश के सपूत चाहिए या सबूत?

ओडिशा में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव

चुनाव प्रचार के लिए मोदी 1 अप्रैल को कालाहांडी में भी रैली करेंगे। पिछले चुनाव में भाजपा को यहां की 21 में से सिर्फ एक सीट मिली थी। इस बार ओडिशा की पुरी सीट से भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा चुनाव लड़ेंगे। ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव होने हैं।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें