CG : भाजपा का घोषणा पत्र लॉन्च कार्यक्रम स्थगित, जानिए कब हो... - CG Sandesh

CG : भाजपा का घोषणा पत्र लॉन्च कार्यक्रम स्थगित, जानिए कब होगा

रायपुर। भाजपा नेता और फिल्म स्टार राजेश अवस्थी के दुखद निधन के चलते बीजेपी ने आज दोपहर 12 बजे होने वाले घोषणा पत्र लॉन्च कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। यह कार्यक्रम अब आज शाम 4 बजे बेहद साधारण रूप में संपन्न होगा।


नगरीय निकाय चुनाव को लेकर आज पार्टी ने थीम सॉन्ग लॉन्च करने की भी योजना बनाई थी, लेकिन शोक स्वरूप इसे रद्द कर दिया गया है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजेश अवस्थी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।


बता दें कि छत्तीसगढ़ी फिल्मों के लोकप्रिय एक्टर और भारतीय जनता पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश अवस्थी का हार्ट अटैक आने की वजह से निधन हो गया। रविवार रात सीने में दर्द के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। राजेश अवस्थी के निधन की सूचना मिलते ही छॉलीवुड में शोक छा गया है। सीएम विष्णुदेव साय ने भी छॉलीवुड एक्टर के निधन पर शोक संवेदनाए प्रकट की हैं।


सीएम ने सोशल मीडिया में लिखा – छत्तीसगढ़ी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता एवं निर्माता, भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश अवस्थी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। पूर्व में वह छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष भी रहे और यहां की लोक कला, संस्कृति एवं परंपरा के संवर्धन में उनका अनुकरणीय योगदान रहा। उनका निधन छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों, उनके शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!


जानकारी के मुताबिक राजेश अवस्थी फिलहाल गरियाबंद में नगरीय निकाय चुनाव में प्रचार के लिए गए थे। रविवार रात को उनके सीने में दर्द हुआ और उनका निधन हो गया। राजेश अवस्थी 42 साल के थे।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें