छात्र ने अपने कमरे में लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा - थक ... - CG Sandesh

छात्र ने अपने कमरे में लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा - थक गया हूं पढ़ाई से...

बिलासपुर जिले से एक कॉलेज स्टूडेंट द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है. घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है. मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि बस थक गया हूं पढ़ाई से, अब मुझसे नहीं होगा.. मम्मी पापा आई एम सॉरी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के मालखरौदा क्षेत्र के तिरदा निवासी धनेश्वर प्रसाद जायसवाल(24) सरकंडा के राजीव विहार में किराए के रूम में रहता था. वह सांइस कॉलेज में एमएससी का छात्र था. उसके साथ में छोटा भाई प्रदीप जायसवाल भी रहता है. मकान के दूसरे कमरे में भी स्टूडेंट्स रहते हैं. जिसमें से ज्यादातर स्टूडेंट रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए अपने घर गए हैं.

गुरुवार को धनेश्वर और उसका छोटा भाई प्रदीप जायसवाल रूम में थे. रात आठ बजे दोनों खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहे थे. इस दौरान रात में गर्मी ज्यादा होने के कारण प्रदीप अपने बड़े भाई धनेश्वर को बताकर बाजू के कमरे में सोने चला गया और कूलर चालू कर दरवाजा बंद कर सो गया.

शुक्रवार की सुबह प्रदीप सोकर उठा तो धनेश्वर अपने कमरे में था. उसे लगा कि अभी तक वह सो रहा है. वह काफी देर तक कमरे का दरवाजा खटखटाते रहा. अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तब उसने दरवाजे से झांककर देखा तो धनेश्वर फंदे पर लटका हुआ था. पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें