युवराज सिंह ने दिया क्रिकेट के मैदान पर वापसी का संकेत - CG Sandesh

युवराज सिंह ने दिया क्रिकेट के मैदान पर वापसी का संकेत

बायें हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई आक्रामक शतकीय पारी के वीडियो के साथ सोमवार रात को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये वापसी का संकेत दिया । उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि वह किस टूर्नामेंट या टीम के लिए खेलते हुए दिखेंगे।

कैंसर से उबरकर क्रिकेट के मैदान पर वापसी करने वाले युवराज ने कटक (2017) में खेले गए इस मैच में 127 गेंद पर 21 चौके और तीन छक्के की मदद से 150 रन बनाए थे। यह युवराज का आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक था।

वनडे विश्व कप 2011 में ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ रहे युवराज ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘‘ तकदीर भगवान तय करते है। मैं जनता की मांग पर फरवरी में फिर से पिच पर वापसी करूंगा। इस अहसास से बेहतर और कुछ नहीं हो सकती। आपके प्यार और शुभकामनाओं लिए शुक्रिया। ये मेरे लिए काफी मायने रखता है। हमेशा समर्थन करते रहें । भारतीय टीम हमारी टीम है और यही एक सच्चे प्रशंसक की निशानी होती है कि वह मुश्किल समय में भी टीम का साथ देता है।’’

टी20 विश्व कप 2007 और 2011 में एकदिवसीय विश्व कप विजेता टीम के नायक रहे युवराज ने 2019 में क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। टी20 विश्व कप 2007 में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ एक ओवर की छह गेंद में लगाये गये उनके छह छक्के आज भी प्रशंसकों को याद है।

संन्यास के बाद युवराज हालांकि ग्लोबल टी20 लीग और ‘रोड सेफ्टी लीग’ में खेलते हुए दिखे है।

युवराज ने अपनी इस पोस्ट में इसका खुलासा नहीं किया कि वो कौन सा टूर्नामेंट खेलने वाले हैं। यह कयास लगाये जा रहे है वह एक बार फिर से ‘रोड सेफ्टी सीरीज (2022)’ में खेलेंगे। उनके करीबी सूत्रों ने हालांकि कहा कि हो सकता है कि वह विदेश में क्रिकेट लीग खेल सकते हैं ।

युवराज इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर ‘ट्रेंड’ कर रहे है। आईसीसी टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के हाथों हार के बाद से ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कई प्रशंसक फिर से उन्हें और महेंद्र सिंह धोनी को फिर राष्ट्रीय टीम में शामिल करने की मांग कर रहे है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें