बटलर और वोक्स के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को तीन विकेट से... - CG Sandesh

बटलर और वोक्स के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को तीन विकेट से हराया

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफड मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को तीन विकेट से हराकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड की तरफ से दूसरी पारी में क्रिस वोक्स (84) और जोस बटलर ने 75 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, पाकिस्तान की तरफ से दूसरी पारी में यासिर शाह ने सबसे अधिक चार विकेट झटके। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी हुई।

इस रोमांचक मुकाबले में बटलर और वोक्स ने उस समय मोर्चा संभाला जब टीम 117 रन पर पांचवां विकेट गंवा कर मुश्किल में फंस गई थी। दोनों ने क्रीज पर आते ही बेखौफ होकर पाकिस्तान के गेंदबाजों के दबदबे को खत्म किया। इस साझेदारी को अनुभवी लेग स्पिनर यासिर शाह ने बटलर को आउट कर तोड़ा। बटलर ने 101 गेंद की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। जब बटलर आउट हुए तो इंग्लैंड को जीत के लिए 21 रन और चाहिए थे।

इंग्लैंड की टीम दिन के दूसरे सत्र में एक समय एक विकेट पर 86 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन 20 रन के अंदर टीम ने सिबले, रूट और उप-कप्तान बेन स्टोक्स का विकेट गंवा दिए। यासिर ने डोम सिबले को पारी के 36वें ओवर में आउट कर रूट के साथ दूसरे विकेट के लिए उनकी 64 रन की साझेदारी को तोड़ा। सिबले ने 114 गेंद की पारी में चार चौके की मदद से 36 रन बनाए।संभल कर खेल रहे रूट इसके बाद नसीम शाह की गेंद पर गच्चा खा गये और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए स्लिप में खड़े बाबर आजम के हाथ में चली गई। उन्होंने 84 गेंद में 42 रन बनाए।

ओली पोप भी कुछ खास नहीं कर सके और सात रन बनाकर तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की गेंद पर आउट हो गए। पाकिस्तान के लिए यासिर के अलावा शाहीन अफरीदी, मोहम्मद अब्बास और नसीम शाह ने 1-1 विकेट लिए।

इससे पहले पाकिस्तान ने दिन की शुरूआत आठ विकेट पर 137 रन से की। टीम हालांकि तेजी से 32 रन जोड़कर 169 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। शुक्रवार के नाबाद बल्लेबाज यासिर शाह ने 33 रन बनाये। इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने नसीम शाह (चार रन) को बोल्ड कर पारी को खत्म किया। ब्रॉड ने दूसरी पारी में 37 रन देकर तीन विकेट लिये जिससे मैच में उनके विकटों की संख्या छह हो गई। क्रिस वोक्स और बेन स्टोक्स ने दो-दो विकेट लिये।पाकिस्तान ने पहली पारी में 326 रन बनाने के बाद इंग्लैंड की पहली पारी को 219 रन पर समेट कर 107 की बढ़त हासिल की थी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें