सोनू सूद ने महाराष्ट्र के गृहमंत्री से की मुलाकात, अब मुंबई ... - CG Sandesh

सोनू सूद ने महाराष्ट्र के गृहमंत्री से की मुलाकात, अब मुंबई पुलिस की मदद के लिए हाथ बढ़ाया।

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद लॉकडाउन के दौरान मसीहा बनकर उभरे हैं। पहले उन्होंने सैकड़ों प्रवासी मजदूरों, छात्रों को शहरों से उनके घर पहुंचाया। अब उन्होंने मुंबई पुलिस को 25 हजार फेस शील्ड्स दिए हैं। महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने एक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

सोनू सूद ने अनिल देशमुख से मुलाकात की और मुंबई पुलिस की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। अनिल देशमुख ने सोनू सूद के साथ दो तस्वीरें साझा की हैं और लिखा कि मैं सोनू सूद जी का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने हमारे पुलिस कर्मियों के लिए 25 हजार फेस शील्ड्स देने का कार्य किया है। सोनू सूद ने इस ट्वीट के जवाब में लिखा, 'आपके विनम्र शब्दों से सम्मानित महसूस कर रहा हूं। पुलिस के भाई-बहन असली हीरो हैं और उनके प्रशंसनीय काम के बदले कम से कम इतना तो कर ही सकता हूं। जय हिंद।'

बीते दिनों सोनू सूद ने एलान किया था कि वो और उनकी टीम 400 प्रवासी मजदूरों और कामगारों के परिवारों की मदद करेगी, जो रास्ते में या तो घायल हो गए या जिनकी मौत हो गई। दरअसल अपने गांव लौटते वक्त बहुत से मजदूर रास्ते में घायल हो गए। कई लोगों की मौत भी हुई थी।

सोनू और उनकी दोस्त नीति गोयल इन परिवारों को आर्थिक मदद देंगे। साथ ही उनके बच्चों की पढ़ाई का खर्चा भी उठाएंगे। लॉकडाउन के बाद जो मजदूर अपने घर पहुंचे हैं उनके पास इनकम का कोई रास्ता अभी नहीं है। परिवार चलाने के लिए उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोनू सूद ऐसे मजदूरों की लिस्ट निकलवाने में जुटे हुए हैं। वो उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के अधिकारियों से संपर्क में हैं। इससे उन परिवारों के बारे में पता चल सकेगा।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें