बसना में वर्षों से रोजी-रोटी कमा रहे ठेला-रेहड़ी वालों का रोजगार उजड़ जाएगा?
बसना। किसी के लिए ठेला महज एक दुकान हो सकता है, लेकिन किसी गरीब परिवार के लिए यही ठेला रोजी-रोटी और जीवनयापन का एकमात्र सहारा होता है। नगर पंचायत बसना के मुख्य चौक सहित विभिन्न स्थानों पर वर्षों से ठेला, रेहड़ी एवं अस्थायी दुकानों के माध्यम से व्यवसाय कर रहे छोटे कारोबारियों के सामने अब बेदखली का संकट खड़ा होता दिखाई दे रहा है।
बसना के मुख्य चौक में लगभग 40 वर्षों से ठेले पर सैलून, फल ठेला, पान ठेला एवं अन्य छोटी दुकानें संचालित कर रहे व्यवसायियों को तहसीलदार न्यायालय द्वारा पारित आदेश के पालन में बेदखली हेतु नोटिस जारी किया गया है। इस घटनाक्रम ने मुख्य चौक सहित नगर के अन्य ठेला एवं रेहड़ी संचालकों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
नगर पंचायत बसना के पार्षद मनोज कुमार गेहरवाल ने इस विषय को गंभीर जनहित का मामला बताते हुए कहा कि नगर में ऐसे अनेक छोटे व्यवसायी हैं, जो वर्षों से ठेला, रेहड़ी एवं अस्थायी दुकानों के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के इन्हें हटाया जाता है तो इनके सामने रोजगार और परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट उत्पन्न होगा।
पार्षद मनोज कुमार गेहरवाल द्वारा माननीय राज्यपाल छत्तीसगढ़ एवं जिला कलेक्टर महासमुंद को आवेदन भेजकर नगर पंचायत बसना के समस्त ठेला, रेहड़ी एवं पथ विक्रेताओं का सर्वेक्षण एवं पंजीयन कराने तथा व्यवसायियों को विक्रय प्रमाण-पत्र एवं पहचान-पत्र जारी करने की मांग की गई है। साथ ही नगर में व्यवस्थित वेंडिंग जोन निर्धारित कर प्रभावित व्यवसायियों के लिए वैकल्पिक विक्रय स्थल उपलब्ध कराने तथा पथ विक्रेता अधिनियम, 2014 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने हेतु प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की गई है।
पथ विक्रेता अधिनियम 2014 में आजीविका संरक्षण का प्रावधान
भारत सरकार द्वारा लागू पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 का उद्देश्य छोटे पथ विक्रेताओं की आजीविका एवं अधिकारों का संरक्षण करना है। अधिनियम की धारा 3(3) में सर्वेक्षण पूर्ण होने एवं सभी पथ विक्रेताओं को विक्रय प्रमाण-पत्र जारी होने तक बेदखली अथवा विस्थापन नहीं किए जाने का प्रावधान है। वहीं अधिनियम में व्यवस्थित विक्रय क्षेत्र एवं विस्थापन की स्थिति में पुनर्व्यवस्थापन संबंधी प्रावधान भी किए गए हैं।
नगर में यातायात एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है, लेकिन इसके साथ ही छोटे व्यवसायियों के रोजगार का संरक्षण भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
व्यवस्थापन नहीं तो होगा धरना-प्रदर्शन
पार्षद ने स्पष्ट किया कि यदि पथ विक्रेता अधिनियम के प्रावधानों एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप व्यवस्थापन किए बिना ठेला, रेहड़ी एवं छोटे व्यवसायियों को बलपूर्वक हटाया जाता है, तो प्रभावित व्यवसायियों के साथ धरना-प्रदर्शन एवं लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा बसना के उन सभी मेहनतकश परिवारों की रोजी-रोटी और आजीविका के अधिकारों का है, जिनका जीवन वर्षों से छोटे व्यवसायों के सहारे चल रहा है। प्रशासन को बेदखली से पहले उनके रोजगार और भविष्य की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

