महासमुंद : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बुनियादी साक्षरता को बढ़ाव... - CG Sandesh

महासमुंद : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बुनियादी साक्षरता को बढ़ावा देने विकासखंड स्तरीय कार्ययोजना तैयार

कार्यशाला में कक्षा 1 से 8 तक अधिगम दक्षताओं के विकास और अकादमिक सुधारों पर हुई चर्चा

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज विकासखंड स्रोत केंद्र, महासमुंद में विकासखंड स्तरीय एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता) कोर कमेटी की कार्ययोजना निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, बच्चों की अधिगम दक्षताओं के विकास और प्रभावी अकादमिक गतिविधियों के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यशाला जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन की उपस्थिति तथा जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अवसर पर राज्य टीम के शिक्षाविद् ओमनारायण शर्मा ने प्रस्तावित कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता की दक्षता विकसित करने तथा कक्षा 3 से 8 तक विषयवार अधिगम दक्षताओं के निर्धारण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीतियों पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला में विद्यालयों के नियमित एवं सहयोगात्मक अकादमिक निरीक्षण को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए विषय आधारित अकादमिक अवलोकन बिंदु निर्धारित किए गए, ताकि निरीक्षण की प्रक्रिया केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर कक्षा-कक्ष में वास्तविक शैक्षणिक सुधार और शिक्षकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का माध्यम बन सके।

इस दौरान गतिविधि आधारित शिक्षण, लर्निंग टीचिंग मटेरियल (एलटीएम) के प्रभावी उपयोग, सतत मूल्यांकन तथा कमजोर अधिगम स्तर वाले बच्चों के लिए उपचारात्मक शिक्षण की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में इन सभी गतिविधियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए गए। कार्यशाला में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तारिका कुंजाम, सहायक परियोजना समन्वयक धन्वन्तरि सिन्हा, अजय भोई, भोजराम मिर्धा, डाइट फैकल्टी श्री ईश्वर चन्द्रकार एवं सम्पा बोस तथा बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्ययोजना निर्माण में संकुल समन्वयक आशीष कुमार साहू एवं नीरज साहू सहित विषय विशेषज्ञ शिक्षक भारती सोनी, नरेश साहू,  खेमिन साहू, बलराम नेताम, नीलकंठ यादव, निहारिका चंद्राकर एवं श्रीमती दुर्गा यादव ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी प्रतिभागियों ने अपने व्यावहारिक सुझाव साझा करते हुए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों की अधिगम दक्षताओं में सुधार के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें