बसना : पालतू कुत्ते के काटने पर मालिक के खिलाफ एफआईआर
बसना थाना अंतर्गत टिकरापारा स्कूल के पास, वार्ड क्रमांक 13 में पालतू कुत्ते को लापरवाही से खुले में छोड़ने और कुत्ते द्वारा राहगीर को काटकर घायल करने के मामले में कुत्ते के मालिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 291 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-13, टिकरापारा बसना निवासी सैलून संचालक योगेश सेन पिता बजरंग सेन 30 वर्ष ने 23 नवंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई कि बीते 21 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था तो टिकरापारा स्कूल के पास स्थित सुभाष अग्रवाल विनायक कलेक्शन के घर के सामने सड़क पर खुले घूम रहे उनके काले रंग के पालतू कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. कुत्ते के काटने से योगेश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गहरा जख्म हो गया और खून बहने लगा.
शिकायत के मुताबिक, इसी कुत्ते ने इससे पहले 7 नवंबर 2026 को भी टिकरापारा निवासी मनोज बेहरा के दाहिने पैर में काटा था. घटना के बाद जब घायल योगेश सेन ने कुत्ते के मालिक सुभाष अग्रवाल से कुत्ते को बांधकर रखने का आग्रह किया, तो उन्होंने कथित तौर पर अपनी गलती मानने के बजाय अड़ियल रवैया अपनाया.
घटना के तुरंत बाद पैर में अधिक दर्द और रक्तस्राव होने के कारण प्रार्थी पहले अस्पताल गया और उपचार के साथ एंटी-रेबीज का टीका लगवाया. इसके पश्चात आम राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए 23 नवंबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई.
वहीँ बसना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 291 पशु के संबंध में उपेक्षापूर्ण आचरण के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है.