सरायपाली में उत्तर प्रदेश का युवक 'डॉ. राव' बनकर कर रहा था य... - CG Sandesh

सरायपाली में उत्तर प्रदेश का युवक 'डॉ. राव' बनकर कर रहा था यौन रोगों का इलाज, संयुक्त जांच दल ने दवाखाना किया बंद

आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप एवं फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायत के आधार पर सोमवार को राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सरायपाली के सरसीवा रोड (ग्राम पतेरापाली) स्थित "डॉ. राव दवाखाना" पर औचक छापामार कार्रवाई की। जांच में क्लिनिक पूरी तरह अवैध पाए जाने पर टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर दवाखाने को आगामी आदेश तक के लिए बंद (सील) कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

महासमुंद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि सरायपाली के सरसीवा रोड पर प्रत्येक सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक 'डॉ. राव दवाखाना' के नाम से अवैध क्लिनिक संचालित किया जा रहा है, जहाँ बिना किसी वैध चिकित्सकीय डिग्री और पंजीयन के यौन रोगों (गुप्त रोगों) के गारंटीशुदा इलाज का दावा कर मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है।

जांच में खुला फर्जीवाड़े का राज

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली को अवगत कराया गया। इसके पश्चात सोमवार 23 नवंबर को नायब तहसीलदार सरायपाली, सहायक नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट) महासमुंद, राजस्व निरीक्षक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली की संयुक्त टीम ने क्लिनिक पर दबिश दी।

निरीक्षण के दौरान क्लिनिक के बाहर "डॉ. राव दवाखाना (R)" का बड़ा बोर्ड और अंदर टेबल पर BAMS (AM) की नेम-प्लेट लगी पाई गई। जब टीम ने मौके पर मरीजों को परामर्श दे रहे व्यक्ति से उसकी डिग्री और पहचान पत्र मांगा, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आधार कार्ड की जांच करने पर उसका वास्तविक नाम जावेद अली (पिता महमूद अली), निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) निकला, जो अपनी पहचान छिपाकर 'डॉ. राव' के फर्जी नाम से क्लिनिक चला रहा था।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया संचालक

संयुक्त टीम द्वारा चिकित्सकीय योग्यता (डिग्री) और छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010 (नर्सिंग होम एक्ट) के तहत क्लिनिक संचालन का लाइसेंस मांगे जाने पर जावेद अली कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

07 दिन का नोटिस, होगी एफ.आई.आर.

निरीक्षण दल ने तत्काल प्रभाव से क्लिनिक को बंद कराते हुए संचालक को 07 दिवस के भीतर समस्त वैध चिकित्सकीय एवं पंजीयन दस्तावेज कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद में प्रस्तुत करने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर संबंधित के विरुद्ध नर्सिंग होम एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत एफ.आई.आर. दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें