महासमुंद : विधायक सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर 154 तीर्थयात्रियों को अयोध्या धाम के लिए किया रवाना
यात्रियों को रवाना करते समय जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधियों सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत यह चार दिवसीय तीर्थयात्रा कार्यक्रम 23 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीरामलला के दर्शन के साथ-साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का भी सुअवसर प्राप्त होगा।
तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शासन-प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रियों के ठहरने, भोजन-नाश्ता, आवागमन, चिकित्सा एवं सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि श्रद्धालु सहज एवं सुविधाजनक तरीके से तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।