छत्तीसगढ़ दौरे पर BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, आज ... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ दौरे पर BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, आज कार्यकर्ताओं से लेकर खिलाड़ियों और युवतियों से करेंगे संवाद

 रायपुर: भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। वह बीती रात रायपुर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। आज उनका दिनभर व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के साथ वह युवा नेताओं, खिलाड़ियों और युवतियों से भी संवाद करेंगे। दौरे का प्रमुख आकर्षण रावतपुरा विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाला 'युवा जोहार' कार्यक्रम रहेगा, जिसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवा हिस्सा लेंगे।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में होंगे शामिल

डॉ. हेमांग जोशी सबसे पहले BJYM की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन के सत्र में शामिल होंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी मौजूद रहेंगे। बैठक के अलग-अलग सत्रों में संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी और आगामी गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है।राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन देंगे। उनसे संगठन विस्तार और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की उम्मीद है।

साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों से करेंगे सीधा संवाद

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद डॉ. जोशी साइंस कॉलेज पहुंचेंगे। यहां वह खिलाड़ियों से मुलाकात कर खेल और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इस दौरान खिलाड़ियों के अनुभव, चुनौतियों और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसरों पर चर्चा होगी।

अग्रसेन भवन में युवतियों से संवाद कार्यक्रम

इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अग्रसेन भवन में आयोजित युवतियों के संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां करियर, आत्मनिर्भरता और युवतियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की जाएगी। कार्यक्रम के जरिए उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा।

'युवा जोहार' कार्यक्रम में नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं से मुलाकात

डॉ. हेमांग जोशी के दौरे का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम रावतपुरा विश्वविद्यालय में आयोजित 'युवा जोहार' होगा। इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवा शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष इन युवाओं से नक्सल मुक्त बस्तर के विषय पर चर्चा करेंगे।कार्यक्रम में युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने, शिक्षा और विकास के अवसरों का लाभ उठाने तथा क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

पहले दिन सोशल मीडिया और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन

दौरे के पहले दिन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया। इसके साथ ही नए युवाओं और लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने तथा संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।डॉ. हेमांग जोशी के इस दौरे में संगठनात्मक प्रशिक्षण के साथ युवाओं, खिलाड़ियों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से संवाद को विशेष महत्व दिया गया है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें