डायबिटीज के हर पांचवें मरीज को रेटिनोपैथी का खतरा !
डायबिटिक ब्लाइंडनेस फ्री इंडिया अभियान के तहत अवेयरनेस वॉक और निशुल्क आई स्क्रीनिंग कैंप आयोजित, विशेषज्ञों ने साल में एक बार रेटिना जांच कराने की दी सलाह
विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर भोपाल में डायबिटिक ब्लाइंडनेस फ्री इंडिया अभियान के तहत डायबिटीज अवेयरनेस वॉक और निशुल्क आई स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ आईएएस निशांत वरवड़े ने जागरूकता वॉक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने डायबिटीज से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और शारीरिक सक्रियता को जरूरी बताया। वहीं, रेटिना विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र चावला ने बताया कि डायबिटीज के हर पांचवें मरीज को डायबिटिक रेटिनोपैथी का खतरा है।
शुरुआती चरण में इसके लक्षण दिखाई नहीं देते, इसलिए मरीजों को साल में कम से कम एक बार रेटिना की जांच करानी चाहिए। शिविर में 150 से अधिक लोगों की जांच की गई। इसमें एआई आधारित रेटिना स्क्रीनिंग और ब्लड शुगर जांच की सुविधा भी दी गई।