बसना : तीन - तीन चक्रवात तूफानी बारिश से खेतों में तबाही का ... - CG Sandesh

बसना : तीन - तीन चक्रवात तूफानी बारिश से खेतों में तबाही का मंजर देख देख किसानों के आंखों से बह रहा दुःख का आंसू

फुलझर अंचल के बसना, बड़ेसाजापाली, भूकेल, सिंघनपुर, भंवरपुर, गढ़फुलझर , सांकरा, भगतदेवरी, पिरदा क्षेत्र में इस साल खेतों में धान की फसल देखकर किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे थे।

पौधों में लहलहाती बालियां, दानों से भरी फसल और बेहतर उत्पादन की उम्मीद ने किसानों के मन में वर्षों बाद खुशहाली के सपने जगा दिए थे। अन्य वर्षों की अपेक्षा इस बार रिकॉर्ड धान उत्पादन होने की उम्मीद थी। किसान अपने खेतों में खड़ी फसल को देखकर गदगद थे।

 

किसी को बेटी के हाथ पीले करने की चिंता से मुक्ति मिलने की उम्मीद थी, तो कोई बच्चों को अच्छे स्कूल में दाखिला दिलाने, मकान बनाने, दुकान खोलकर व्यवसाय शुरू करने और खेती के लिए ट्रैक्टर, हार्वेस्टर जैसे उपकरण खरीदने का सपना संजो रहा था।

कई किसान किस्तों पर कृषि उपकरण लेने की योजना बना चुके थे। लेकिन लगातार तीन चक्रवाती तूफानी बारिश ने खुशियों से भरे इन सपनों पर ऐसा कहर बरपाया कि खेतों में अब उम्मीदों की जगह बर्बादी का मंजर दिखाई दे रहा है।

तेज हवाओं और लगातार बारिश के प्रहार से पककर तैयार धान की फसल खेतों में धराशायी हो गई है। दूर-दूर तक जमीन पर बिछे धान के पौधे, पानी के बीच डूबी बालियां और खेतों में पसरी फसल देखकर किसानों की आंखें भर आ रही हैं।

जिस फसल को देखकर कुछ दिन पहले खुशी के आंसू छलक रहे थे, उसी फसल को बर्बाद होते देख अब दुख के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। प्रकृति के इस अचानक बदले मिजाज ने किसानों की खुशियों को पलभर में गहरे दुख में बदल दिया है। धान कटाई के ऐन वक्त मौसम की बेरुखी ने किसानों को दोहरी मार दी है।

खेतों में गिर चुकी फसल की कटाई करना मुश्किल हो गया है। लगातार नमी और पानी के कारण धान की गुणवत्ता खराब होने, दाने अंकुरित होने और उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका बढ़ गई है। कटाई कर चुके किसानों की खेतों में पड़ी फसल भी बारिश से सुरक्षित नहीं है। किसान कभी आसमान की ओर देखते हैं, तो कभी अपने खेतों में बिछी फसल को देखकर मन ही मन हिसाब लगाते हैं कि अब इस नुकसान की भरपाई कैसे होगी। यह नुकसान केवल धान की फसल का नहीं, बल्कि उन सपनों का है जो किसान ने पूरे साल अपनी मेहनत के साथ संजोए थे।

 

किसी के घर बेटी की शादी की तैयारी इस फसल के भरोसे थी, तो किसी ने बेटे-बेटी को अच्छे स्कूल में पढ़ाने की योजना बनाई थी। किसी ने मकान निर्माण के लिए पैसे जोड़ने की उम्मीद की थी, तो किसी ने ट्रैक्टर, हार्वेस्टर की किस्त चुकाने अथवा नया कृषि उपकरण खरीदने का मन बनाया था। कोई खेती से बची रकम से दुकान खोलकर परिवार की आय बढ़ाना चाहता था।

खेतों में बिछी फसल के साथ अब इन सपनों पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। तीन बार चक्रवाती तूफानी बारिश की मार झेल चुके किसानों के लिए यह समय बेहद पीड़ादायक है। खेतों में खड़ी फसल को इस तरह बर्बाद होते देख किसान भीतर से टूट रहे हैं।

मौसम की मार के सामने उनकी मेहनत बेबस दिखाई दे रही है। अब किसानों की उम्मीद प्रशासनिक राहत, वास्तविक फसल नुकसान के आकलन और आर्थिक सहायता पर टिकी है। खेतों में धराशायी धान केवल फसल की तबाही नहीं, बल्कि उन परिवारों की उम्मीदों का बिखरना है, जिन्होंने इस साल अपनी खुशियों की पूरी तस्वीर धान की बालियों में देखी थी।


author

सी. डी. बघेल

वरिष्ठ पत्रकार सी.डी. बघेल जी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 से अधिक वर्षों का लंबा और गौरवशाली अनुभव है। 1990 के दौर से लगातार निष्पक्ष एवं खोजी पत्रकारिता कर रहे सी.डी. बघेल जी बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और आम जनता के हक की आवाज़ को जमीनी स्तर से उठाने के लिए जाने जाते हैं। तीन दशकों से अधिक की विश्वसनीय रिपोर्टिंग के जरिए उन्होंने पाठकों के बीच एक अटूट विश्वास कमाया है। संपर्क: +91 99770 03756
अन्य सम्बंधित खबरें