CG : मुस्कान बस और बाइक की जोरदार भिड़ंत, तीन लोगों की मौके पर मौत
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। डभरा ब्लॉक के ग्राम छवारिपाली में रायपुर से डभरा की ओर आ रही मुस्कान बस और एक मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम दर्री के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में गायन करने जा रहे थे। इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सामने से आ रही मुस्कान बस की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर डभरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान की कार्रवाई करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से ग्राम दर्री में शोक का माहौल है।