सरायपाली : NEP 2020 के तहत शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी क... - CG Sandesh

सरायपाली : NEP 2020 के तहत शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का किया अवलोकन

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के प्रावधानों के अनुरूप अनुभवात्मक एवं गतिविधि-आधारित अधिगम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी, संकुल सिंघोड़ा, विकासखंड सरायपाली के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा ओडिशा के विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व के स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया गया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत विद्यार्थियों ने चिपलिमा में विद्यार्थियों ने जल विद्युत ऊर्जा उत्पादन परियोजना एवं बांध की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान बच्चों ने जल की शक्ति से विद्युत उत्पादन कैसे किया जाता है, जल संसाधनों का उपयोग किस प्रकार ऊर्जा उत्पादन में किया जाता है तथा जल विद्युत परियोजनाओं का महत्व क्या है, इसकी जानकारी प्राप्त की। साथ ही चिपलिमा क्षेत्र से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों एवं उसके भौगोलिक महत्व को भी समझा। इस प्रत्यक्ष अनुभव से विद्यार्थियों को नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण एवं विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

साथ ही विश्व प्रसिद्ध हीराकुद बांध, गांधी मीनार, नेहरू मीनार, साइंस पार्क तथा समलेश्वरी मंदिर का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने इन स्थलों के ऐतिहासिक, भौगोलिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक महत्व को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

विशेष रूप से हीराकुद बांध के भ्रमण से विद्यार्थियों को बांध की संरचना, जल संसाधन, सिंचाई व्यवस्था एवं विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला। वहीं डॉ एपीजे अब्दुल कलाम तारामंडल, साइंस पार्क में विज्ञान एवं तकनीक से संबंधित विभिन्न मॉडलों और गतिविधियों का अवलोकन कर बच्चों में वैज्ञानिक जिज्ञासा एवं तार्किक सोच विकसित हुई।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप किताबी ज्ञान को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्थानीय भौगोलिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक ज्ञान को अनुभवात्मक अधिगम के माध्यम से समृद्ध करना था।

प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव ने बताया कि शिक्षा केवल कक्षा और पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक स्थलों का अवलोकन एवं प्रत्यक्ष अनुभव बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावशाली बनाते हैं। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भ्रमण के दौरान बच्चों ने खूब आनंद लिया, नई जानकारियां प्राप्त कीं तथा अनेक यादगार अनुभव अपने साथ लेकर लौटे। इस सफल शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें