सरायपाली : बाल दिवस पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानीग... - CG Sandesh

सरायपाली : बाल दिवस पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानीगिरोला एवं शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभाठा में विविध कार्यक्रमों का आयोजन

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानीगिरोला में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा प्रदर्शन एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए अपनी कला, प्रतिभा एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य भोग सिंह भोई ने अपने उद्बोधन में बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। 

उनकी प्रतिभा को निखारना, उनमें अच्छे संस्कार विकसित करना तथा उन्हें शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में अध्यक्ष नवीन पटेल सहित सदस्य श्याम कुमार पटेल, शिक्षकगण अभिमन्यु चौधरी, डॉ. मुकेश कुमार चौधरी, रिंकी उबोवेजा, प्रज्ञा शर्मा, चेतना निबरगिया, नेहा ओगरे, अंकिता साहू, धर्मसागर पटेल एवं सावित्री बरिहा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन त्रिलोचन बाघ ने किया। संपूर्ण आयोजन उत्साहपूर्ण एवं आनंदमय वातावरण में संपन्न हुआ।

इसी प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभाठा में बाल दिवस का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यालय परिसर में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के चेहरे पर विशेष प्रसन्नता एवं उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप कलम भेंट की गई। कलम भेंट करने का उद्देश्य बच्चों को नियमित अध्ययन, लेखन एवं शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था। बच्चों ने उपहार पाकर प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष बाल भोज का आयोजन किया गया, जिसमें खीर, बूंदी, समोसा एवं केला परोसा गया। बच्चों ने बड़े ही आनंद एवं उत्साह के साथ बाल भोज का आनंद लिया। विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा।

इस अवसर पर ग्राम की सरपंच भूमिसूता देहरी, प्रधान पाठक हृदयराम साव, शिक्षक जयंत बारीक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्याणी नाग, रूबिका कुमार, सहायिका रमीला विभार, कुंती नंद, सावित्री विशाल, सरोजिनी भोई सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।

उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पालकों की सहभागिता ने विद्यालय एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग का संदेश दिया। इस प्रकार बाल दिवस का आयोजन बच्चों के लिए यादगार, आनंददायक एवं प्रेरणादायी रहा।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें