सरायपाली : शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुथिया में पालक-शिक्षक मेगा बैठक का भव्य आयोजन
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुथिया में पालक-शिक्षक मेगा बैठक का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय और पालकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में पालकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत भुथिया के सरपंच गोकुल भोई जी उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री रोहित प्रधान जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के संस्था प्रमुख विक्रम कुमार यादव जी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ व्याख्याता डिग्री लाल प्रधान द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पालकों एवं शिक्षकों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन, परीक्षा परिणाम, अध्ययन के प्रति रुचि तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि गोकुल भोई ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में विद्यालय के साथ-साथ पालकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। पालकों को अपने बच्चों की पढ़ाई, दिनचर्या एवं गतिविधियों पर नियमित ध्यान देना चाहिए तथा विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए।
विशेष अतिथि रोहित प्रधान ने कहा कि शाला प्रबंधन समिति, शिक्षक एवं पालकों के आपसी सहयोग से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना आवश्यक है।
संस्था प्रमुख विक्रम कुमार यादव जी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में पालक-शिक्षक मेगा बैठक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण एवं भविष्य को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण संस्थान है।
विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों के प्रयासों के साथ पालकों का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने पालकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक रहें, उनकी समस्याओं को समझें तथा नियमित रूप से विद्यालय आकर शिक्षकों से संवाद करें।
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान किया जाए। साथ ही विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने तथा विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पालकों ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अंत में उद्बोधन व्याख्याता मधु मंगल प्रधान द्वारा कार्यक्रम सफलता विद्यालय, शिक्षक एवं अभिभावकों के बीच विश्वास और सहभागिता को मजबूत करना है ।यह बैठक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।