महासमुंद : जिले में पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों का पालन करने के दिए निर्देश
दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार शुक्रवार को एसडीएम महासमुंद आस्था बोरकर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने नगर महासमुंद स्थित विभिन्न पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकान संचालकों के लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही दुकानों में अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों तथा आम नागरिकों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जहां भी सुरक्षा व्यवस्था में कमी अथवा लापरवाही पाई गई, वहां संबंधित दुकानदारों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पटाखों का व्यवसाय निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं नियमों के अनुरूप ही किया जाए। दुकानदार अग्नि सुरक्षा के सभी उपाय सुनिश्चित करें तथा आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखें। निरीक्षण में तहसीलदार जुगल किशोर पटेल, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव, राजस्व निरीक्षक मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य राजस्व कर्मचारी उपस्थित थे।
अन्य सम्बंधित खबरें