बसना : फार्म हाउस से ट्रैक्टर केजव्हील चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
बसना थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्सीपहार स्थित एक फार्म हाउस में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर ट्रैक्टर के चार लोहे के डबल केजव्हील चुराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य के चोरी हुए केजव्हील और वारदात में इस्तेमाल किया गया टाटा एस वाहन बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार, ग्राम खुर्सीपहार निवासी कृषक शिवेंद्र मिश्रा के 'मिश्रा फार्म हाउस' में खेती-किसानी के उपकरण रखे हुए थे. जहाँ 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे जब शिवेंद्र अपने पालतू कुत्ते को टहला रहे थे, तब उन्हें फार्म हाउस का दरवाजा टूटने की आवाज सुनाई दी. जब उन्होंने आवाज लगाई, तो आरोपी एक टाटा एस वाहन में सवार होकर बसना की ओर फरार हो गए. शिकायतकर्ता के पीछा करने के बावजूद तेज रफ्तार वाहन निकल गया. इसके बाद फार्म हाउस के निरीक्षण में 50 हजार रुपये के चार नग लोहे के डबल केजव्हील गायब पाए गए.
घटना की सूचना मिलते ही बसना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों अफ़ान खैरानी (21 वर्ष) और विवेक पटेल (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से चोरी किए गए चारों केजव्हील तथा घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन (क्रमांक CG 12 AW 5759) जब्त किया गया है.