महासमुंद : युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, तीन पर माम... - CG Sandesh

महासमुंद : युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, तीन पर मामला दर्ज

महासमुंद थाना अंतर्गत भलेसर रोड स्थित कार गैरेज के पास देर रात शादी पार्टी में काम करने आए युवकों और स्थानीय युवक के बीच गाली-गलौज के बाद खूनी संघर्ष हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि ऑटो रिक्शा में सवार तीन युवकों ने एक राय होकर पीड़ित को खींच लिया और जान से मारने की नियत से धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना में पीड़ित युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए सोहम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कृष्णा आर्य (उम्र 21 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 10 इमलीभाठा, 24 अक्टूबर 2026 की रात काम खत्म कर वह ट्रेन से महासमुंद लौटा था. घर पहुंचने के बाद उसने अपने जीजा अमन गोहेल को फोन किया, जिन्होंने बताया कि वे मुक्तिधाम के पास एक शादी पार्टी में काम कर रहे हैं.

इसके बाद कृष्णा अपने छोटे भाई युवराज आर्य और दोस्त आलोक सावरा के साथ खाना खाने मुक्तिधाम स्थित पार्टी में पहुंचा. रात करीब 12:30 बजे जब वे बाहर अपने जीजा से बातचीत कर रहे थे, तभी पार्टी में काम करने वाले रायपुर के कैटरिंग/सफाई स्टाफ से उनका विवाद हो गया.

विवाद के दौरान आरोपी सुशील द्वारा मां-बहन की गालियां देने पर दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई. जब आरोपी अपने ऑटो रिक्शा से जाने लगे और गाली-गलौज जारी रखी, तो कृष्णा गाड़ी रोकने पीछे दौड़ा. इसी दौरान ऑटो में सवार आरोपियों ने कृष्णा को खींचकर अंदर बिठा लिया.

गाड़ी के अंदर आरोपी सुशील और आबिद आलम ने कृष्णा के दोनों हाथ कसकर पकड़ लिए, जबकि तीसरे आरोपी इमरान ने अपने पास रखे धारदार हथियार से कृष्णा पर जानलेवा वार कर दिया.

पीड़ित के चिल्लाने पर आरोपियों ने उसे भलेसर रोड कार गैरेज के पास चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया और मौके से फरार हो गए. पीड़ित के भाई युवराज, जीजा और दोस्त ने तुरंत मौके पर पहुंचकर खून से लथपथ कृष्णा को उठाया और जिला अस्पताल महासमुंद ले गए. स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने उसे सोहम अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया.

मामले में आरोपियों आबिद आलम, इमरान, सुशील के खिलाफ धारा 109(1) BNS के तहत अपराध दर्ज किया.




author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें