महासमुंद कलेक्टर लंगेह ने ओडिशा बॉर्डर के चेक पोस्टों का किय... - CG Sandesh

महासमुंद कलेक्टर लंगेह ने ओडिशा बॉर्डर के चेक पोस्टों का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दी 24 घंटे सतर्क रहने की हिदायत

आगामी धान खरीदी को ध्यान में रखते हुए जिले में अंतर्राज्यीय सीमाओं पर निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा अवैध परिवहन पर नियंत्रण रखने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को ओडिशा सीमा से लगे सरायपाली विकासखंड अंतर्गत अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट स्थापित करने सिरपुर, सिंघोड़ा एवं रेहटीखोल का निरीक्षण किया। 

इस दौरान उन्होंने चेक पोस्टों में जांच व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही, दस्तावेजों के सत्यापन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चेक पोस्टों पर सतत निगरानी रखते हुए जांच प्रक्रिया को सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने चेक पोस्टों से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही तथा उनके दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चेक पोस्टों पर तैनात कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। वाहनों की जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन किया जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि अवैध परिवहन करते हुए वाहन पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल वाहन जब्त (सीज) कर संबंधित प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अंतर्राज्यीय सीमाओं से होने वाली वाहनों की आवाजाही पर निरंतर निगरानी रखी जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने चेक पोस्टों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बनाए रखने तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि जांच व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तेजपाल सिंह ध्रुव, तहसीलदार श्रीधर पंडा, खाद्य, सहकारिता एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें