सिंघोड़ा : व्हाट्सएप मैसेज के विवाद में महिला से अभद्रता, शिक्षक और कोटवार के परिजनों पर गाली-गलौज व धमकी का आरोप
सिंघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैकिन में एक महिला के घर के बाहर पहुँचकर अश्लील व जातिसूचक/अभद्र गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है.
प्रार्थीया सुनीता दीप पति रोशन दीप, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम पैकिन ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 की दोपहर लगभग 12:00 बजे गांव की संतोषिनी तांडी उसके पति को किसी बैठक के लिए बुलाने आई थी. प्रार्थीया ने बताया कि उनके दादाजी का निधन हो गया था और उसके पति अंतिम संस्कार (मिट्टी देने) में गए थे. पति के घर लौटने पर पता चला कि 4 दिन पूर्व उनके मोबाइल से गलती से उपमा (तनु छत्रे) के व्हाट्सएप पर 'हाय' का मैसेज चला गया था, जिसे लेकर बैठक रखी गई थी.
शाम लगभग 7:00 बजे जब दोबारा बैठक के लिए बुलावा आया, तो प्रार्थीया ने घर में गमी (निधन) होने का हवाला देते हुए तीज-कर्म के बाद 3 दिन का समय मांगा, इतना सुनते ही आरोपी राजू छत्रे सरपंच के घर के सामने से दौड़ता हुआ प्रार्थीया के घर के पास पहुँचा और अश्लील व अपमानजनक गालियां देते हुए पति को बाहर निकालने तथा जान से मारने की धमकी देने लगा.
इसके तुरंत बाद शासकीय शिक्षक प्रदीप छत्रे भी प्रार्थीया के घर के सामने आ गया और प्रार्थीया को चरित्रहीन व अपमानजनक शब्द कहते हुए 20 बार गालियां दोहराईं, आरोपी महिला को खींचकर बाहर निकालने व पिटाई करने की बात कह रहे थे.
आरोपियों और उनके परिजनों के उग्र रूप को देखकर पीड़िता का परिवार भय के मारे घर से बाहर नहीं निकला. इसके बाद प्रार्थीया ने फोन करके अपनी पड़ोसिन प्रमिला चौहान को बुलाया, जिनके मौके पर आने के बाद माहौल शांत हुआ.
घटना के बाद मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है.