कोमाखान : ईंट भट्ठा मजदूरी की बात को लेकर पति-पत्नी ने मिलकर की लाठी-डंडों से की मारपीट
कोमाखान थाना अंतर्गत चौकी टुहलू क्षेत्र में ईंट भट्ठा में मजदूरी करने और पुरानी पेशगी राशि को लेकर एक किसान के साथ पति-पत्नी द्वारा जंगल में ले जाकर लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्रार्थी कमल साय नेताम निवासी ग्राम टुहलू बरपारा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि ग्राम टेका निवासी आरोपी कमल मरकाम ने उसे पिछले वर्ष ईंट भट्ठे पर काम करने जाने के लिए ₹4,000 की पेशगी राशि दी थी, किसी कारणवश प्रार्थी पिछले साल ईंट भट्ठा काम पर नहीं जा सका था. जब प्रार्थी ने पैसे वापस करने की बात कही, तो आरोपी ने कहा कि पैसे रखे रहो और अगले साल काम पर चले जाना.
इसके बाद 24 अक्टूबर 2026 की दोपहर लगभग 2:00 बजे आरोपी कमल मरकाम फिर से ईंट भट्ठा काम पर जाने की बात कहकर और एडवांस पैसे लेने का झांसा देकर पीड़ित को ग्राम टेका देव सागर पारा के पास जंगल की ओर ले गया, जंगल पहुँचते ही आरोपी कमल मरकाम और उसकी पत्नी प्रमिला मरकाम ने प्रार्थी के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और दोनों ने एकराय होकर लाठी-डंडों व हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
मारपीट के दौरान देव सागर पारा के दो राहगीरों ने मौके पर पहुँचकर किसी तरह पीड़ित को बचाया और उसे सुरक्षित अपने घर ले गए. मारपीट से पीड़ित के दोनों जांघों, घुटनों (माड़ी), बाएं पैर के अंगूठे, दोनों हाथों की कोहनियों और पीठ पर अंदरूनी व गंभीर चोटें आई हैं.
मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कमल मरकाम एवं प्रमिला मरकाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है.