बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर कार चालक की लापरवाही से युवक हुआ घायल, पुलिस ने दर्ज किया अपराध
बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर ग्राम गोड़मर्रा तुकड़ा के पास एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भीखापाली निवासी जितेन्द्र साहू 08 अक्टूबर 2026 की सुबह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HA 4878 से निजी काम के सिलसिले में बसना जाने के लिए निकला था. इसी दौरान सुबह करीब 11:00 बजे बसना से बिलाईगढ़ रोड पर गोड़मर्रा तुकड़ा के पास जितेन्द्र साहू की बाइक का एक्सीडेंट हो गया.
बताया गया कि कार क्रमांक CG 08 K 2120 के चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए जितेन्द्र की मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि जितेन्द्र साहू बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके कंधे, कमर, चेहरे और सीने में गंभीर चोटें आईं तथा मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना के बाद डायल 112 की मदद से घायल जितेन्द्र को तत्काल शासकीय अस्पताल बसना ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिफर कर दिया. परिजनों ने उसे अग्रवाल नर्सिंग होम बसना में भर्ती कराया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है.
वहीँ इस मामले में पुलिस ने कार क्रमांक CG 08 K 2120 के चालक पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(A) के तहत अपराध पंजीकृत किया.