सरायपाली : जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षक ने दिया बच्चों को मार्गदर्शन, प्रवेश परीक्षा की तैयारी के बताए गुर
सरायपाली विकासखंड के ग्रामीण अंचल के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से दिनाँक 12/10/2026 को शासकीय प्राथमिक शाला जोगीदादर और शासकीय प्राथमिक शाला रक्सा में विशेष प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया। प्राथमिक शाला जोगीदादर में पदस्थ सहायक शिक्षक केशव प्रसाद साहू के विशेष आमंत्रण पर जवाहर नवोदय विद्यालय महासमुंद (छिंदपाली) में प्रतिनियुक्ति पर आए टीजीटी, अंग्रेज़ी के वरिष्ठ शिक्षक निशाकांत सारथी जी ने स्कूल का दौरा किया।
उन्होंने प्राथमिक शाला के बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें नवोदय विद्यालय की कार्यप्रणाली और वहाँ मिलने वाली उत्कृष्ट सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नवोदय विद्यालय के शिक्षक सारथी जी ने बच्चों को बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक निःशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, खेलकूद और कलात्मक विकास की विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों के लिए नवोदय विद्यालय एक बेहतरीन मंच है, जहाँ वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
प्रवेश परीक्षा के लिए दिए सफलता के मंत्र
निरीक्षण और संवाद के दौरान उन्होंने कक्षा पांचवीं के बच्चों को नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा में मानसिक योग्यता, पर्यावरण अध्ययन, अंकगणित और भाषा के प्रश्नों को किस तरह आसानी से हल किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास करने और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
बच्चों के अध्ययन स्तर को देख जताई प्रसन्नता
बच्चों से संवाद और उनके अध्ययन स्तर की जाँच के दौरान एक ओर प्राथमिक शाला रक्सा के बच्चों ने पहाड़ा सुनाया वहीं प्राथमिक शाला जोगीदादर के बच्चों ने अंग्रेजी की पुस्तक पूरे हाव-भाव के साथ पढ़कर सुनाया, जिससे सारथी सर बहुत प्रभावित हुए और उन्होंने बच्चों के सराहनीय शैक्षणिक स्तर एवं नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी हेतु शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रसंसा की।
शिक्षकों और ग्रामीणों ने जताया आभार
प्राथमिक शाला जोगीदादर के प्रधान पाठक विजय कुमार भवसागर एवं प्राथमिक शाला रक्सा के प्रधान पाठक चंद्रभानु बरिहा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मार्गदर्शन से हमारे ग्रामीण परिवेश के बच्चों में एक नया आत्मविश्वास जागा है और वे नवोदय परीक्षा के लिए प्रेरित हुए हैं। इस अवसर पर शाला के शिक्षकों और बच्चों ने सारथी सर के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने नवोदय विद्यालय की परीक्षा उत्तीर्ण करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक केशव प्रसाद साहू एवं शिक्षक गुणवंत भोई का सराहनीय योगदान रहा।