बसना : सिगरेट माँगने की बात को लेकर दो युवकों ढाबा संचालक के साथ की मारपीट, तोड़फोड़
बसना थाना अंतर्गत गौरी लक्ष्मी ढाबा में देर रात सिगरेट माँगने की बात को लेकर दो युवकों ढाबा संचालक के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए लकड़ी के पटनी और हाथ-मुक्कों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे ढाबा संचालक का सिर फट गया. इसके बाद आरोपियों ने ढाबे में रखी कुर्सियों और बर्तनों में तोड़फोड़ भी की. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 14 बसना निवासी पुरुषोत्तम अग्रवाल 10 अक्टूबर 2026 की देर रात करीब 01:00 बजे अपने गौरी लक्ष्मी ढाबा में बैठे हुए थे. इसी दौरान ग्राम बरगांव निवासी साहिल कुमार और उसका साथी ग्राम खेमड़ा निवासी रूपेश सेन्दरिया ढाबे पर पहुंचे और वहां कार्यरत कर्मचारी राज चौहान पर चिल्लाते हुए सिगरेट मांगने लगे.
जब ढाबा संचालक पुरुषोत्तम अग्रवाल ने युवकों को ढाबा कर्मचारी पर बेवजह चिल्लाने से मना किया, तो दोनों आरोपी उग्र हो गए, और तुम बोलने वाले कौन होते हो कहते हुए आरोपियों ने मां-बहन की अश्लील गालियां देनी शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी.
विवाद बढ़ने पर आरोपी साहिल कुमार ने पास में रखे लकड़ी के पटनी से संचालक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, वहीं रूपेश सेन्दरिया ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की. हमले में पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा.
मारपीट के बाद साहिल कुमार ने ढाबे में रखी कुर्सियों और बर्तनों को इधर-उधर फेंककर भारी तोड़फोड़ की, उक्त घटना को ढाबे में काम करने वाले कर्मचारी राज चौहान, किशोर वर्मा और निर्मल दास ने देखा व बीच-बचाव किया.
वहीँ वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी साहिल कुमार और रूपेश सेन्दरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 324(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है.