बसना : किसानों के घेराव के बाद ढाई माह से खराब 5 एमव्हीए ट्र... - CG Sandesh

बसना : किसानों के घेराव के बाद ढाई माह से खराब 5 एमव्हीए ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई शुरू

भूकेल विद्युत सब स्टेशन का भी बदला जाएगा खराब पॉवर ट्रांसफार्मर

भंवरपुर विद्युत सब स्टेशन में ढाई माह से खराब पड़े पावर ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर बरतियाभाठा और संतपाली के किसानों द्वारा विद्युत कार्यालय का घेराव किए जाने तथा छत्तीसगढ़ संदेश में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाई है। किसानों की गंभीर समस्या को देखते हुए विभाग ने शनिवार को भंवरपुर विद्युत सब स्टेशन के खराब 5 एमव्हीए पावर ट्रांसफार्मर को बदलने की कार्रवाई पूरी कर ली। नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे चार्ज करने की प्रक्रिया के बाद संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को बरतियाभाठा और संतपाली के किसानों ने लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर भंवरपुर बिजली कार्यालय का घेराव किया था। किसानों की समस्या और उनकी मांग को छत्तीसगढ़ संदेश ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। ‘पावर ट्रांसफार्मर खराब, किसानों ने घेरा विद्युत कार्यालय, एक सप्ताह के भीतर ट्रांसफार्मर बदलने का मिला आश्वासन’ शीर्षक से प्रकाशित समाचार के बाद विभाग ने कार्रवाई में तेजी दिखाई। एक सप्ताह के भीतर ट्रांसफार्मर बदलने के आश्वासन के बीच उसी दिन काम शुरू कर दिया गया। 

इससे प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। दरअसल, भंवरपुर विद्युत सब स्टेशन की जमीन काली मिट्टी वाली होने के कारण भारी पावर ट्रांसफार्मर को परिसर तक पहुंचाने में परेशानी आ रही थी। बारिश के चलते जमीन की स्थिति अनुकूल नहीं होने से विभाग को बारिश थमने का इंतजार करना पड़ रहा था। इस बीच बारिश के कारण बोरवेल का संचालन कम होने से बिजली की मांग भी अपेक्षाकृत कम थी। 

लेकिन पिछले 15 से 17 दिनों से किसानों को सिंचाई के लिए लगातार बोरवेल चलाने की जरूरत पड़ रही है। बारिश थमने के बाद बोरवेल दोबारा चलने लगे, जिससे बिजली का भार बढ़ गया। इसका असर विद्युत आपूर्ति पर पड़ने लगा और किसानों की परेशानी बढ़ने के साथ ही उनमें आक्रोश भी बढ़ने लगा। स्थिति को देखते हुए विभाग ने सब स्टेशन तक भारी ट्रांसफार्मर पहुंचाने के लिए रास्ते में मुरम और गिट्टी डालकर उसे सुगम बनाया। इसके बाद शनिवार को क्रेन की सहायता से नया पावर ट्रांसफार्मर सब स्टेशन तक पहुंचाया गया और उसे बदलने का काम पूरा किया गया।

भूकेल विद्युत सब स्टेशन में भी 3 .15 एमव्हीए का एक पावर ट्रांसफार्मर कुछ दिनों से खराब है। यहां कुल तीन पावर ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। बिजली का भार बढ़ने के कारण प्रभावित 11 केव्ही फीडर को शेष दो चालू ट्रांसफार्मरों से बारी-बारी बिजली आपूर्ति की जा रही है। इस संबंध में विद्युत विभाग बसना के निलेश कुमार आदित्य ने छत्तीसगढ़ संदेश को बताया कि भूकेल क्षेत्र के किसानों को फिलहाल बहुत अधिक परेशानी नहीं हो रही है, फिर भी किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए खराब ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई की जा रही है। रायपुर से 3.15 एमव्हीए का नया पावर ट्रांसफार्मर रवाना हो चुका है। रविवार, 11 अक्टूबर को भूकेल सब स्टेशन का खराब ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।

पठीयापाली सब स्टेशन के प्रभावित गांवों को भी मिलेगी राहत

पठीयापाली विद्युत सब स्टेशन का भी एक पावर ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण वहां से जुड़े कुछ विद्युत फीडरों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। स्थिति को संभालने के लिए इन प्रभावित फीडरों से जुड़े गांवों को फिलहाल भूकेल विद्युत सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की जा रही है। इससे भूकेल सब स्टेशन पर भी अतिरिक्त विद्युत भार पड़ रहा है। भंवरपुर सब स्टेशन का खराब ट्रांसफार्मर बदल दिए जाने के बाद पठीयापाली के प्रभावित फीडरों को भंवरपुर सब स्टेशन से भी बिजली आपूर्ति की जा सकेगी। 

इससे वैकल्पिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और अलग-अलग सब स्टेशनों पर पड़ रहे विद्युत भार को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पठीयापाली विद्युत सब स्टेशन भंवरपुर बिजली विभाग के अंतर्गत आता है। ऐसे में भंवरपुर और भूकेल में ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने में राहत मिलने की उम्मीद है। भंवरपुर विद्युत विभाग के एई राकेश कुमार बारीक ने बताया कि पठीयापाली विद्युत सब स्टेशन का खराब पॉवर ट्रांसफार्मर भी शीघ्र बदल दिया जाएगा। खराब पॉवर ट्रांसफार्मर को बदलने हेतु प्रक्रिया जारी है।


author

सी. डी. बघेल

वरिष्ठ पत्रकार सी.डी. बघेल जी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 से अधिक वर्षों का लंबा और गौरवशाली अनुभव है। 1990 के दौर से लगातार निष्पक्ष एवं खोजी पत्रकारिता कर रहे सी.डी. बघेल जी बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और आम जनता के हक की आवाज़ को जमीनी स्तर से उठाने के लिए जाने जाते हैं। तीन दशकों से अधिक की विश्वसनीय रिपोर्टिंग के जरिए उन्होंने पाठकों के बीच एक अटूट विश्वास कमाया है। संपर्क: +91 99770 03756
अन्य सम्बंधित खबरें