छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची सुधारने के लिए विशेष अभियान, युवाओं से लेकर बेघर नागरिकों तक पर फोकस
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं के नाम दर्ज करने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना है, जो अब तक पंजीकरण नहीं करा सके हैं। अभियान में युवाओं और सूची से छूट चुके मतदाताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
स्कूलों में लगेंगे शिविर, विद्यार्थियों को मिलेगी मदद
निर्वाचन विभाग की योजना के तहत स्कूलों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
घर-घर पहुंच रहे BLO, छूटे नामों की होगी पहचान
बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। पुरानी और वर्तमान मतदाता सूची का मिलान कर उन पात्र लोगों की पहचान की जा रही है, जिनके नाम सूची में दर्ज नहीं हैं या किसी कारण से छूट गए हैं। पात्रता की पुष्टि होने पर फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हर सप्ताह नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य
अभियान के तहत प्रत्येक बीएलओ को हर सप्ताह 20 से 25 नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसे एक महीने के भीतर पूरा करने की योजना है। अभियान का दायरा मतदान केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगा। रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों और बेघर व वंचित नागरिकों के बीच भी विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए कहां करें आवेदन?
पात्र नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन, मोबाइल ऐप या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
- ऑनलाइन पोर्टल: निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर आवेदन करें।
- मोबाइल ऐप: ECINET ऐप के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसमें 'Book a Call with BLO' की सुविधा भी उपलब्ध है।
- ऑफलाइन आवेदन: अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर आवेदन जमा करें।
- हेल्पलाइन: मतदाता पंजीकरण से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क करें।
पात्र नागरिक समय रहते कराएं पंजीकरण
निर्वाचन विभाग के इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक व्यापक और अद्यतन बनाना है। जिन युवाओं ने मतदान के लिए पात्रता हासिल कर ली है या जिनका नाम अब तक सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे उपलब्ध माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले अपनी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी आधिकारिक निर्वाचन पोर्टल या संबंधित बीएलओ से प्राप्त करना उचित रहेगा।