तेज रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन ने युवक को मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचते ही मौत
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी मे तेज रफ्तार ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रत्नाबांधा इलाके मे पैदल जा रहे 21 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे मे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।मृतक की पहचान सागर नागारची के रूप मे हुई है। वह पैदल धमतरी की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया
हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे अभय ठिटे की नजर घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान को दी।सूचना मिलते ही शिवा प्रधान अपने साथी डोमन साहू के साथ एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ने घायल सागर को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल मे डॉक्टरों ने सागर नागारची की जांच की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर मे मातम छा गया।
टक्कर के बाद फरार हुआ वाहन चालक
घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से भाग निकला। हादसे को लेकर पुलिस ने वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाके मे लगे CCTV कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा सकती है।रत्नाबांधा इलाके मे हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।