महासमुंद : देह दान के लिए संकल्पित शीला प्रधान को किया गया स... - CG Sandesh

महासमुंद : देह दान के लिए संकल्पित शीला प्रधान को किया गया सम्मानित

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता, सरलता और त्वरित रूप से उपलब्ध कराने जिले के नगरीय निकायों में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला मुख्यालय महासमुंद के लोहिया चौक में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर शिविर के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधा मिल रही है। 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा नागरिकों की समस्याओं और आवश्यक सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इस दौरान विधायक सिन्हा ने देह दान की संकल्प लेने वाली महिला एवं बाल विकास की पर्यवेक्षक शीला प्रधान को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह एक मानवता के लिए प्रेरणा है, ताकि मानव शरीर मरणोपरांत भी शोध कार्यों में लगाया जा सके। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

शिविर में नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ ही नागरिकों से आवेदन प्राप्त एवं पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किए जा रहे हैं। यहां लगाए गए शिविर में मौके पर ही पात्र हितग्राहियों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया गया। 



इसके साथ ही सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी जा रही है। विभिन्न सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का मौके पर परीक्षण कर उनके निराकरण की कार्यवाही भी की जा रही है। जिससे उन्हें शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है। शिविर में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारी नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक प्रक्रिया से अवगत करा रहे हैं। 

पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागों के माध्यम से आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। नागरिकों ने एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पालिका परिषद महासमुन्द के उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पवन पटेल, सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, जय कुमार देवांगन, पार्षद माखन पटेल, पीयूष साहू, हरबंश सिंह ढिल्लो (नानू भाई), भाऊराम साहू, राहुल आवडे, एल्डरमेन हनीश बग्गा एवं मोहन साहू, नीरज चंद्राकर, मुन्ना देवार, राजेन्द्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें