Bank KYC Alert: 30 अक्टूबर के बाद इन खातों पर लग सकता है ब्रेक, SBI-PNB समेत बड़े बैंकों के ग्राहकों के लिए जरूरी खबर
Bank KYC Last Date: अगर आपका खाता SBI, PNB, Bank of Baroda या किसी अन्य बैंक में है और आपने लंबे समय से KYC अपडेट नहीं कराया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। बैंकिंग व्यवस्था में खाताधारकों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन अनिवार्य है। ऐसे में जिन ग्राहकों के खाते में लंबे समय से कोई लेन-देन नहीं हुआ है और KYC प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है, उन्हें बैंक की ओर से अलर्ट भेजे जा रहे हैं।
30 अक्टूबर तक KYC अपडेट करने का मौका
बैंकों ने ऐसे खाताधारकों को KYC प्रक्रिया पूरी करने के लिए 30 अक्टूबर तक का समय दिया है। बैंक शाखाओं में भी इस संबंध में सूचना जारी की गई है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपनी KYC प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि खाते के संचालन में किसी तरह की परेशानी न आए।
लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुए खातों पर खास नजर
बैंक अधिकारियों के मुताबिक, कई ऐसे खाते हैं जिनमें एक से पांच साल तक कोई सक्रिय लेन-देन नहीं हुआ है। ऐसे खाताधारकों को SMS के जरिए KYC अपडेट करने की जानकारी दी जा रही है। खासतौर पर लंबे समय से निष्क्रिय पड़े खातों को लेकर बैंक स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
KYC पूरी नहीं हुई तो रुक सकते हैं लेन-देन
समय सीमा के भीतर KYC अपडेट नहीं करने पर खाते के संचालन पर रोक लग सकती है। इसका सीधा असर खाते से होने वाले लेन-देन पर पड़ेगा। यानी ग्राहक खाते से पैसे निकालने, ट्रांसफर करने या अन्य बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना कर सकते हैं।
रायपुर में करीब एक लाख खाताधारक बताए जा रहे प्रभावित
बैंक शाखाओं से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर में करीब एक लाख खाताधारकों का KYC वेरिफिकेशन अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे खातों को लेकर बैंक ग्राहकों को लगातार सूचना दे रहे हैं। अगर तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो संबंधित खातों पर कार्रवाई की जा सकती है।
खाता फ्रीज हो जाए तो ऐसे करा सकते हैं दोबारा शुरू
अगर KYC पूरी नहीं होने के कारण खाता ब्लॉक या फ्रीज हो जाता है, तो ग्राहक बाद में भी इसे दोबारा सक्रिय करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटो कॉपी के साथ पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होगी। बैंक अधिकारियों के अनुसार, जरूरी दस्तावेज जमा करने के बाद करीब 24 घंटे के भीतर खाते को दोबारा चालू किया जा सकता है।
अंतिम तारीख का इंतजार करना पड़ सकता है भारी
बैंक खाताधारकों के लिए बेहतर यही है कि 30 अक्टूबर से पहले अपनी KYC स्थिति की जांच कर लें। अगर बैंक की ओर से KYC अपडेट कराने का संदेश मिला है तो उसे नजरअंदाज न करें। समय रहते प्रक्रिया पूरी करने से खाते के फ्रीज होने और बाद में बैंक शाखा के चक्कर लगाने जैसी परेशानी से बचा जा सकता है।