महासमुंद में आधी रात घर में घुसा तेंदुआ, 6 लोगों पर किया हमला; परिवार ने कमरे में किया बंद, 3 गंभीर घायलों को रायपुर भेजा गया
महासमुंद : बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात तेंदुए की दस्तक से हड़कंप मच गया. करीब डेढ़ बजे एक तेंदुआ अचानक यादव परिवार के घर में घुस आया और परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर दिया. हमले में 4 पुरुष और 2 महिलाएं घायल हुई हैं. इनमें 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य रात में घर के भीतर सो रहे थे. इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं. घर से बाहर आते ही उनका सामना तेंदुए से हो गया. तेंदुए ने उन पर हमला किया और इसके बाद घर के भीतर घुस गया.
एक के बाद एक परिवार के 6 सदस्यों पर हमला
घर के अंदर पहुंचने के बाद तेंदुए ने वहां मौजूद अन्य लोगों को भी निशाना बनाया. हमले में सरजू यादव उम्र 60 वर्ष, जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं.उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है. सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट बताई जा रही है. वहीं मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोट लगी है.
परिवार ने दिखाई हिम्मत, तेंदुए को कमरे में किया बंद
तेंदुए के अचानक हमले के बावजूद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत नहीं छोड़ी. जनक यादव, उत्तरी बाई और परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर किसी तरह तेंदुए को घर के एक कमरे के भीतर बंद कर दिया.बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में करीब 10 लोग मौजूद थे. यदि तेंदुआ कमरे में बंद नहीं होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.
112 की मदद से अस्पताल पहुंचे घायल, 3 को रायपुर रेफर
हमले के बाद सभी घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.गंभीर चोटों को देखते हुए 3 घायलों को आगे के उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है. अन्य घायलों का उपचार भी जारी है.
वन विभाग ने रायपुर से बुलाई विशेष रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है. उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग ने रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई है.वन विभाग की टीम तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी कर रही है. गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है और ग्रामीणों की नजर अब तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है.