महासमुंद मेडिकल कॉलेज में रेड क्रॉस सोसाइटी का शिविर, 30 लोगों ने किया रक्तदान
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को रेड क्रॉस सोसाइटी महासमुंद की ओर से मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 30 लोगों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति संदीप दीवान, उपाध्यक्ष पारस चोपड़ा, सदस्य आर.डी. अन्वर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा, डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. रेणुका गहने एवं सिविल सर्जन डॉ. बसंत कुमार माहेश्वरी उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति संदीप दीवान ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। स्वस्थ एवं पात्र लोगों को आगे आकर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरत के समय मरीजों को आसानी से रक्त उपलब्ध हो सके।
डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान कर इस मानवीय सेवा में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व और इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
स्वैच्छिक रक्तदान दिवस हर साल 1 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।
अन्य सम्बंधित खबरें