सरायपाली के भोथलडीह में सेवा सेतु शिविर, राशन कार्ड की दिक्क... - CG Sandesh

सरायपाली के भोथलडीह में सेवा सेतु शिविर, राशन कार्ड की दिक्कतों पर कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निराकरण करने के निर्देश

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरायपाली विकासखंड के ग्राम भोथलडीह में आयोजित सेवा सेतु शिविर का महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान नवीन राशन कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों को लेकर महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं, जिसे कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

शिविर में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने कहा कि जन-जन की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान और हर सुख-दुःख में साथ निभाना ही उनका संकल्प है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की।

कलेक्टर लंगेह ने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को पात्रता के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए।

शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राशन कार्ड से संबंधित प्रक्रियाओं, पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों तथा हितग्राहियों के अधिकारों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई।

इस दौरान ई-केवायसी, आधार सीडिंग सहित राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया गया। नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया तथा आवेदन में आवश्यक दस्तावेजों और पात्रता संबंधी जानकारी भी दी गई।

सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किट का वितरण किया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए गर्भ संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।

शिविर में अध्यक्ष जनपद पंचायत सरायपाली लक्ष्मी हरिश्चन्द्र पटेल, कुमारी भास्कर, अपर कलेक्टर सचिन भूतडा एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली तेजपाल ध्रुव, तहसीलदार, जनपद पंचायत के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं हितग्राही उपस्थित रहे।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें