महासमुंद : सिरपुर में चित्रकला प्रतियोगिता 1 अक्टूबर को - CG Sandesh

महासमुंद : सिरपुर में चित्रकला प्रतियोगिता 1 अक्टूबर को

विश्व पर्यटन दिवस एवं राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस 2026 के अवसर पर विद्यार्थियों में सिरपुर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10ः00 बजे से रैनबसेरा, बोलबम सेवा समिति, सिरपुर में किया जाएगा।

साडा के सीईओ धम्मशील गणवीर ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को दो श्रेणियों में अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। श्रेणी-1 में कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए चित्रकला का विषय “हमारी विरासत, मेरा सपना” निर्धारित किया गया है। वहीं श्रेणी-2 में कक्षा 5वीं से 8वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे, जिनके लिए विषय “मेरा सिरपुर, सुंदर सिरपुर’’ रखा गया है। 

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को सिरपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझने तथा अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से उसके संरक्षण एवं विकास की परिकल्पना प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण और जिम्मेदार पर्यटन के प्रति विद्यार्थियों एवं समाज में जागरूकता विकसित करने का संदेश भी दिया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5 हजार रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 3 हजार रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इच्छुक विद्यार्थी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निर्धारित लिंक https://forms.gle/xZptiksDSPXAxygL8 के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन एवं प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए sirpursada@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है। सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने विद्यार्थियों से इस रचनात्मक पहल में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील किया है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें