CG : समर्थन मूल्य पर धान बिक्री से पहले किसानों को कराना होगा एग्रीस्टेक पंजीयन
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन एवं फार्मर आईडी होना आवश्यक है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद-बीज वितरण, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सहित अन्य किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा के लिए एग्रीस्टेक पंजीयन कराने की अपील की गई है।
अधिकारियों के अनुसार जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े 3,931 किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन लंबित है। इसी तरह वनाधिकार पट्टा, डुबान, संस्था एवं ट्रस्ट आदि से संबंधित 239 किसानों का तथा अन्य श्रेणियों में भी पंजीयन लंबित है। जिले में कुल 1,32,813 खसरा एग्रीस्टेक पंजीयन के लिए लंबित बताए गए हैं।
’एग्रीस्टेक पंजीयन क्यों जरूरी’
इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन और फार्मर आईडी आवश्यक की गई है। एग्रीस्टेक के माध्यम से किसानों की भूमि एवं फसल संबंधी डिजिटल जानकारी दर्ज की जा रही है। पंजीयन नहीं होने की स्थिति में किसानों को धान विक्रय तथा अन्य किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है।
किसान अपना पंजीयन संबंधित ऑनलाइन माध्यम से अथवा नजदीकी सेवा सेतु (कॉमन सर्विस सेंटर ) के माध्यम से करा सकते हैं। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा कृषि भूमि से संबंधित दस्तावेज जैसे बी-1, खसरा एवं ऋण पुस्तिका और बैंक खाते की जानकारी आवश्यक है।
’5 अक्टूबर तक डिजिटल क्रॉप सर्वे’
जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे 5 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुण्ठपुर एवं सोनहत सहित सभी तहसीलदारों तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों का अब तक एग्रीस्टेक पंजीयन नहीं हुआ है, उनका पंजीयन पटवारी एवं संबंधित मैदानी अमले की सहायता से समय-सीमा में सुनिश्चित कराया जाए।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे धान विक्रय एवं योजनाओं का लाभ लेने में होने वाली संभावित परेशानी से बचने के लिए समय रहते अपना एग्रीस्टेक पंजीयन पूरा कराएं और डिजिटल क्रॉप सर्वे से संबंधित जानकारी में सहयोग करें।