महासमुंद : जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 01 अक्टूबर को आयोजित
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों के लिए कुर्सी दौड़, मटकी फोड़, जलेबी दौड़, गुब्बारा फोड़, गिल्ली-डंडा सहित विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही गीत गायन, समूह नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को कार्यक्रम के पश्चात पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं कल्याण से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
विशेष रूप से माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी प्रदान कर वरिष्ठजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। आवश्यकतानुसार वरिष्ठ नागरिकों को बैसाखी, छड़ी, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी वृद्धजनों का शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग की उप संचालक संगीता सिंह ने जिले के समस्त वरिष्ठ नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होनेे की अपील की है।