बसना : लाखों रुपए के डुप्लीकेट सामान बेचने के संदेह में वेन सहित रोजमर्रा की सामग्री जब्त
बसना नगर की गलियों और मोहल्लों में वेन के माध्यम से रोजमर्रा की जरूरत का सामान बेचने वाले एक व्यक्ति की सामग्री डुप्लीकेट होने की सूचना पर बसना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वेन सहित उसमें रखे विभिन्न सामानों को जब्त कर थाना लाया है। पुलिस द्वारा जब्त सामग्री का सत्यापन एवं जांच कराई जा रही है। जांच में यदि सामान डुप्लीकेट पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले एक वेन में रोजमर्रा की जरूरत में उपयोग होने वाली विभिन्न वस्तुएं रखकर उन्हें बसना नगर के गली-मोहल्लों में घूम-घूमकर बेचा जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वेन में रखे सामान डुप्लीकेट हो सकते हैं और इन्हें बाजार में बेचा जा रहा है। सूचना मिलने के बाद बसना पुलिस मौके पर पहुंची और वेन चालक से सामान के संबंध में पूछताछ की।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान सामान की गुणवत्ता एवं उसकी वास्तविकता को लेकर संदेह होने पर वेन को उसमें रखी सामग्री सहित बसना थाना लाकर जब्त कर लिया। जब्त सामग्री में हार्पिक, सिगरेट, इनो, फेवीक्विक, मच्छर अगरबत्ती सहित रोजमर्रा में उपयोग होने वाली अन्य वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है।
इस संबंध में बसना थाना प्रभारी शरद दुबे ने छत्तीसगढ़ संदेश बताया कि वेन में रोजमर्रा की सामग्री रखकर नगर के अलग-अलग गली-मोहल्लों में बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। डुप्लीकेट सामान बेचे जाने की सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की तथा संदेह के आधार पर वेन एवं उसमें रखी सामग्री को थाना लाकर जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल जब्त किए गए सभी सामानों का सत्यापन और जांच की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित वस्तुओं की वास्तविकता, ब्रांड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त सामान वास्तविक है अथवा डुप्लीकेट।
पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री के संबंध में सत्यापन एवं जांच के दौरान यदि सामान डुप्लीकेट पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान में सामान को डुप्लीकेट प्रमाणित नहीं किया गया है, बल्कि डुप्लीकेट होने के संदेह के आधार पर उसे जांच के लिए जब्त किया गया है।