कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र महासमुंद में दीक्षारंभ ... - CG Sandesh

कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र महासमुंद में दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ

कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा, महासमुंद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष, प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों हेतु दीक्षारंभ (ADM-111) कार्यक्रम का शुभारंभ दिनांक 21 सितंबर 2026 को किया गया। 

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, गतिविधियों, सुविधाओं तथा कृषि शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराना था। कार्यक्रम के प्रारंभ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। 

ततपश्चात डॉ. संदीप भंडारकर, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद द्वारा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, संस्थागत सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।इसी क्रम में डॉ. आर. एल. शर्मा, प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), महासमुंद द्वारा “कृषि विज्ञान केंद्र – भूमिका एवं महत्व” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया गया। 

उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र की भूमिका एवं कृषि विकास में उसके महत्व के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।इसके उपरांत ब्रह्मकुमारी सुषमा दीदी द्वारा विद्यार्थियों को विद्यार्थी जीवन के महत्व, जीवन-मूल्यों एवं सकारात्मक जीवनशैली के संबंध में प्रेरणादायक व्याख्यान दिया गया। उन्होंने विद्यार्थी जीवन को जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण चरण बताते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच एवं अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने “नशा मुक्त भारत” का संदेश देते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। 

डॉ. ऋचा चौधरी, अकादमिक प्रभारी, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद द्वारा “शैक्षणिक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षाओं, परीक्षाओं तथा महाविद्यालय की अकादमिक प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

अंतिम सत्र में विद्यार्थी–अभिभावक–शिक्षक संवाद आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं महाविद्यालयीन जीवन को सुचारु बनाने के लिए विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षकों के मध्य संवाद स्थापित किया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापक, अधिकारी - कर्मचारी , छात्र छात्राएं व अभिभावक उपस्थित थे | 

इस प्रकार दीक्षारंभ कार्यक्रम का प्रथम दिवस विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक जानकारी, जीवन-मूल्यों, अनुशासन, नशामुक्ति एवं सकारात्मक जीवन-दृष्टिकोण से जुड़ा एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक दिवस रहा।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें