कोमाखान : मंदिर ले जाने से मना करने पर युवक पर ब्लेड से हमला
कोमाखान बस स्टैंड के पास एक युवक द्वारा अपनी गाड़ी में मंदिर ले जाने से मना करने पर उग्र हुए आरोपी ने अश्लील गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखे ब्लेड से हमला कर दिया. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बैंकपारा कोमाखान निवासी प्रदीप धीवर उम्र 18 वर्ष, पिता भुनेश्वर धीवर सोमवार, 21 सितंबर 2026 की रात लगभग 08:00 बजे अपने दोस्त सावंत देवांगन के साथ बस स्टैंड स्थित मकसूद की दुकान के पास बैठकर बातचीत कर रहा था.
उसी समय गांव का ही गेंदलाल उर्फ नानू यादव वहां पहुंचा और प्रदीप से कहा कि "तुम्हारी गाड़ी में मुझे भूपेश्वर मंदिर जाना है, ले जाओगे क्या?" प्रदीप द्वारा मंदिर ले जाने से मना करने पर आरोपी उग्र हो गया और "तू मुझे मना करता है" कहते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगा.
विवाद बढ़ाते हुए आरोपी गेंदलाल ने जान से मारने की धमकी दी और अपने हाथ में रखे तेज धारदार ब्लेड से प्रदीप पर हमला कर दिया. ब्लेड के वार से प्रार्थी प्रदीप के बाएं हाथ की भुजा में गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा. घटना के समय मौके पर मौजूद दोस्त सावंत देवांगन ने बीच-बचाव किया और पूरा घटनाक्रम देखा-सुना.
प्रार्थी प्रदीप धीवर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गेंदलाल उर्फ नानू यादव के खिलाफ BNS की धारा 115(2), धारा 296 और धारा 351(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है.