महासमुंद : महतारी वंदन योजना से सरला वर्मा के सिलाई कार्य को... - CG Sandesh

महासमुंद : महतारी वंदन योजना से सरला वर्मा के सिलाई कार्य को मिला संबल

हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि बनी आत्मनिर्भरता की राह में मददगार

महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में काम कर रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल प्रदान करना और उन्हें अपनी आवश्यकताओं के लिए अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।

महासमुंद जिले में भी बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। जिले में 3 लाख 08 हजार हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल रहा है। इन महिलाओं के लिए यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपनी जरूरतों और छोटे-छोटे कामों को आगे बढ़ाने का माध्यम भी बन रही है।

महासमुंद शहर के यति यतन लाल वार्ड क्रमांक-2 निवासी सरला वर्मा भी महतारी वंदन योजना की ऐसी ही हितग्राही हैं, जिनके लिए योजना की प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि उनके सिलाई कार्य में उपयोगी साबित हो रही है। सरला वर्मा सिलाई का काम करती हैं और अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक जरूरतों में भी सहयोग करती हैं।

सरला बताती हैं कि सिलाई का काम उनके लिए आय का एक महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए काफी सहयोगी है। वह इस राशि का उपयोग अपने सिलाई कार्य से जुड़ी जरूरतों में करती हैं। नियमित रूप से मिलने वाली यह सहायता उन्हें अपने काम को जारी रखने और घरेलू आर्थिक जरूरतों को बेहतर ढंग से संभालने में मदद करती है।

उनका कहना है कि एक हजार रुपये की राशि भले ही छोटी लगे, लेकिन हमारे जैसे परिवारों के लिए यह नियमित सहायता बहुत मायने रखती है। इससे अपने काम की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है और आर्थिक रूप से आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

सरला वर्मा ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि योजना से मिलने वाली राशि महिलाओं के हाथों में सीधे आर्थिक संबल पहुंचाने का काम कर रही है। महतारी वंदन योजना से नियमित आर्थिक सहायता का उपयोग महिलाएं अपनी परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार कर रही हैं। किसी के लिए यह राशि घरेलू जरूरतों में सहारा बन रही है, तो कोई इसे अपने छोटे व्यवसाय या आजीविका से जोड़कर उपयोग कर रही है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें