तुमगांव : रात रास्ते में रोककर अश्लील गाली-गलौज मारपीट, 12 पर मामला दर्ज
तुमगांव क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी स्थित गौठान के पास रविवार रात रास्ते में रोककर अकारण अश्लील गाली-गलौज करने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोपियों ने हाथ में पहने धातु के कड़े से हमला कर तीन भाइयों के सिर फोड़ दिए. पीड़ित की शिकायत पर तुमगांव थाना पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट और धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भोरिंग थाना तुमगांव निवासी अनुज नेहरू उम्र 26 वर्ष, रविवार, 20 सितंबर 2026 की रात लगभग 08:45 बजे अपनी मोटरसाइकिल से मालीडीह से वापस अपने गांव भोरिंग लौट रहे थे. जैसे ही वे सोसायटी के पास गौठान खैरझिटी पहुंचे, रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और विवाद करने लगे.
इसी बीच एक अन्य बाइक पर दो और युवक नशे की हालत में पहुंचे और "यहाँ क्यों खड़े हो" कहते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे. पीड़ित अनुज ने जब गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी उग्र हो गए. स्थिति बिगड़ती देख अनुज ने अपने भाइयों विनोद, अनीश, अभिषेक और सोमेश को फोन कर बुलाया.
उनके भाई गांव के अन्य युवकों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश करने लगे. तभी आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया, भानू, चम्मन, त्रिभुवन, शेखर, मोनू, अजय, छोटू, गपलू, गोद्दा, टंगवा, यशवंत और संजय बघेल ने लामबंद होकर गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं.
इसी दौरान आरोपी अजय ने अपने हाथ में पहने कड़े से अनुज के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा.
इसके बाद आरोपियों ने एक राय होकर अनुज के भाइयों पर हमला कर दिया. मारपीट में विनोद के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि अनीश का भी सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी "जाते-जाते देख लेंगे" की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पुलिस ने प्रार्थी अनुज नेहरू की रिपोर्ट पर आरोपी भानू, चम्मन, त्रिभुवन, शेखर, मोनू, अजय, छोटू, गपलू, गोद्दा, टंगवा, यशवंत और संजय बघेल के खिलाफ BNS की धारा 115(2), धारा 190, धारा 191(2), धारा 296 और धारा 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.