महंगाई, स्मार्ट मीटर और पोलावरम प्रभावितों के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा
कोंटा : जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा के अध्यक्ष हरीश कवासी के निर्देश पर रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोंटा ने कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बिजली बिलों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों और पोलावरम परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास व मुआवजे के मुद्दे को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रभारी सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि आम जनता महंगाई, बढ़ते बिजली खर्च और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं से परेशान है। उन्होंने स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों की जांच कर तत्काल समाधान करने और पोलावरम परियोजना से प्रभावित परिवारों के समुचित पुनर्वास व उचित मुआवजे के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
भाजपा के ज्ञापन पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोंटा के अध्यक्ष सैयद उस्मान अली ने कोंटा की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भाजपा मंडल की ओर से नगर पंचायत को सौंपे गए ज्ञापन का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इन मुद्दों को लगातार उठाए जाने की जरूरत है।
उन्होंने सवाल किया कि जब जनता महंगाई, बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और पोलावरम प्रभावित परिवारों के अधिकारों को लेकर परेशान है, तो इन मुद्दों पर भाजपा की ओर से पहले प्रभावी तरीके से आवाज क्यों नहीं उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा नेताओं की ओर से मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े इन मुद्दों को आगे भी लगातार उठाती रहेगी और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवाज जारी रखेगी।
प्रेसवार्ता में सह प्रभारी माड़वी लक्ष्मण, पार्षद कट्टम सत्ती, सुरेश कुमार, अंबटी देवी, विक्रम कुमार, पुल्ली अलवानी, कट्टम राधिका, प्रियंका रेड्डी, देवेंद्र कुमार, बंसल, शेख शब्बीर और शेख नमीर समेत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।