तेंदुकोना : छज्जे पर रखी चाबी से खुला दरवाजा, आलमारी और गोदरेज से ₹96,400 के जेवरात ले उड़े चोर
तेंदुकोना के ग्राम सम्हर में एक किसान के घर दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. पूरा परिवार जब खेत में काम करने गया था, तब अज्ञात चोर ने सूने मकान का ताला खोलकर अलमारी व गोदरेज में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात पार कर दिए. पीड़ित की शिकायत पर थाना तेंदुएकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सम्हर निवासी पुरुषराम पटेल उम्र 58 वर्ष, शनिवार, 19 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 08:00 बजे अपनी पत्नी बिमला बाई और बेटी संतोषी बाई के साथ खेत में काम करने गए थे. घर से निकलने से पहले परिजनों ने मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर चाबी घर के छज्जे पर छुपाकर रख दी थी. दोपहर लगभग 02:00 बजे जब उनका नाती नोमेश स्कूल से पढ़कर घर वापस लौटा, तो उसने देखा कि मेन गेट का ताला खुला पड़ा था.
नाती द्वारा सूचना दिए जाने पर पुरुषराम अपनी पत्नी और बेटी के साथ तुरंत घर पहुंचे. अंदर जाकर देखने पर कमरे का दरवाजा और गोदरेज-अलमारी का ताला खुला हुआ था. अलमारी में रखे सामान की जांच करने पर पुरानी इस्तेमाल की हुई 1 जोड़ी चांदी की लच्छी 20 तोला, कीमत ₹14,000, 4 नग चांदी की बिछिया 04 तोला, कीमत ₹2,800, 4 नग चांदी की ऐंठी 28 तोला, कीमत ₹19,600 और सोने का खिनवा टॉप्स 5 ग्राम, कीमत ₹60,000 गायब मिले। चोरों ने कुल ₹96,400 मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे.
शिकायत के आधार पर तेंदुकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) एवं धारा 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है.