सरायपाली : नशा मुक्त ग्राम कुटेला बनाने सहयोग हेतु एसडीएम को... - CG Sandesh

सरायपाली : नशा मुक्त ग्राम कुटेला बनाने सहयोग हेतु एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नशा मुक्ति जागरूकता रैली में शामिल हुए करीब 200 ग्रामीण

सरायपाली- ग्राम कुटेला को नशा मुक्त ग्राम बनाने के उद्देश्य से राजीव गांधी भवन, ग्राम पंचायत कुटेला में सरपंच, पंचगण, जनपद पंचायत सरायपाली के उपाध्यक्ष मुकेश (धर्मेंद्र) चौधरी सहित समस्त ग्रामवासियों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए मादक पदार्थों के विक्रय एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।

इस उद्देश्य से ग्राम कुटेला में नशा मुक्त ग्राम समिति का गठन किया गया। समिति में सलाहकार, संरक्षक, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित कुल 52 सदस्यों को शामिल किया गया है। समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में शराब, गांजा, नशीले इंजेक्शन, टैबलेट आदि मादक पदार्थों के विक्रय एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मादक पदार्थों का विक्रय करते हुए पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार समुचित कार्रवाई के लिए प्रशासन को सूचित किया जाएगा।

इसी संबंध में आवश्यक सहयोग एवं कार्रवाई हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली को ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही एसडीओपी सरायपाली, थाना प्रभारी सरायपाली एवं आबकारी निरीक्षक सरायपाली को ज्ञापन की प्रतिलिपि देकर नशा मुक्ति अभियान में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया।

इसी कड़ी में 19 सितंबर 2026, शनिवार को ग्राम कुटेला में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में नशा मुक्ति अभियान समिति के पदाधिकारियों के साथ प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण शामिल हुए। करीब 200 लोगों ने रैली में सहभागिता की।

रैली गांव के प्रमुख चौक-चौराहों एवं विभिन्न गलियों से होकर निकली। इस दौरान नशा मुक्ति गीतों और गगनभेदी नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर नशा मुक्त ग्राम समिति के अध्यक्ष भोजराज पटेल, सचिव नेहरू लाल चौधरी एवं गुलाबी गैंग महिला समिति केजुवां के संयोजक चंद्रसाय मांझी सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने ग्राम कुटेला को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से सहयोग एवं सहभागिता का संकल्प लिया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें