महासमुंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में चित्रकला... - CG Sandesh

महासमुंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत, 'सेवा चित्र' पहल के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा और अभिव्यक्ति क्षमता को प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सेवा, संस्कार, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को प्रस्तुत किया।

इसी क्रम में हायर सेकेंडरी स्कूल बेलसोंडा, हायर सेकेंडरी स्कूल बिरकोनी तथा स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल तुमाडबरी में भी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच को अभिव्यक्त किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतेरापाली में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा एवं विकसित भारत-2047 विषय पर चित्रकला के माध्यम से अपनी भावनाओं और कल्पनाओं को उकेरा। 

उत्कृष्ट रचनाएं प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दयानिधि जाल, मकरध्वज साहू, घनश्याम भोई, संजय मेहता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं अभिभावक उपस्थित रहे। 

वहीं ग्राम पंचायत कोमाखान स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम स्कूल में भी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों द्वारा विषयवार चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। ग्राम पंचायत कोमाखान के उपसरपंच हिरेंद्र उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य तथा शाला विकास समिति की अध्यक्ष शबनम खान के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। 

इस अवसर पर शाला के प्राचार्य सीताराम साहू, प्रधान पाठक देवानंद वेदव्यास, बघेल, वरिष्ठ शिक्षक ध्रुव, ठाकुर, ऋतुराज साहू सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शाला विकास समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें