बसना : लापरवाही से बाइक चलाकर बरगद के पेड़ से टकराया चालक, 11 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज
बसना थाना क्षेत्र के ग्राम परसकोल में सड़क हादसे में घायल 11 वर्षीय बालक की रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच पूरी कर ली है. जांच में बाइक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 304(ए) भादवि और 184 एमवी एक्ट के तहत अपराध पंजीकृत किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसकोल निवासी लोकनाथ पटेल अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GF 2695 पर गांव के ही 11 वर्षीय बालक किशन निषाद पिता तेजराम निषाद को बैठाकर खेत जाने वाले पगडंडी रास्ते की ओर जा रहा था.
यात्रा के दौरान समलाई कुटा के पास पहुंचने पर चालक लोकनाथ पटेल ने वाहन को अत्यधिक तेज, लापरवाही और खतरनाक ढंग से चलाते हुए सड़क किनारे स्थित बरगद के पेड़ से टकरा दिया. हादसे में बाइक पर पीछे बैठे मासूम किशन निषाद के पेट में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं.
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल बालक को इलाज के लिए श्री बालाजी अस्पताल, दुबे कॉलोनी मोवा रायपुर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान डॉक्टर डी.आर. नायक व डॉक्टरों की टीम द्वारा मृत घोषित कर दिया गया.
अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने प्राथमिक मर्ग कायम किया था. मर्ग जांच के दौरान परिजनों, गवाहों एवं पंचों के बयान दर्ज किए गए. जांच में बाइक चालक लोकनाथ पटेल निवासी ग्राम परसकोल, थाना बसना द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करना पाया गया, जिसके आधार पर बसना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया.