महासमुंद : पिट्ठू बैग में 40 पौवा अवैध देशी शराब ले जा रहा युवक गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
महासमुंद पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान घोडारी पुराना नेशनल हाईवे के पास दबिश देकर अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की दोपहर महासमुंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति घोडारी शराब भट्टी से भारी मात्रा में शराब लेकर पुराना नेशनल हाईवे की ओर पैदल जा रहा है.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस को संदिग्ध युवक पीठ पर काले रंग का पिट्ठू बैग टांगे आता दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और बैग की तलाशी ली. तलाशी के दौरान बैग से 40 पौवा कुल 7200 एमएल देशी मसाला शराब 'शेरा' बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4,000 रुपये है.
पकड़े गए आरोपी की पहचान हेमराज उर्फ मोटू साहू पिता लखन लाल साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 07, ग्राम खौली, थाना खरोरा जिला रायपुर के रूप में हुई है. मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है.