महासमुंद : शराब के नशे में गाली-गलौज का विरोध करने पर चाचा-भ... - CG Sandesh

महासमुंद : शराब के नशे में गाली-गलौज का विरोध करने पर चाचा-भतीजे पर हमला, तीन युवकों पर FIR दर्ज

महासमुंद के ग्राम परसकोल वार्ड नंबर 11 में गणेश पंडाल के पास शराब के नशे में गाली-गलौज करने का विरोध करने पर तीन युवकों ने एक व्यक्ति और उनके भतीजे पर डंडे और हाथ-मुक्कों से जानलेवा हमला कर दिया. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की रात करीब 09:00 बजे दिलीप साहू अपने घर में खाना खाकर सो रहे थे, उसी दौरान गांव का ही लकेश्वर ध्रुव अपने साथी यश कुमार निषाद और विकास ध्रुव के साथ अत्यधिक नशे की हालत में बजरंग चौक स्थित गणेश पंडाल के पास आकर अश्लील गाली-गलौज कर रहा था.

दिलीप साहू ने जब बाहर आकर उन्हें सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करने से मना किया, तो तीनों आरोपी आक्रोशित हो गए. आरोपियों ने दिलीप साहू को मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी.

इस दौरान पीड़ित के भतीजे सोमेश साहू ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने डंडे से उस पर भी हमला कर दिया. मारपीट से दिलीप साहू के दाएं कंधे व कमर के नीचे चोटें आई हैं, जबकि उनके भतीजे सोमेश साहू के दाहिने हाथ और सीने पर गंभीर चोटें पहुंची हैं.

घटना के समय मौके पर मौजूद पुरन साहू, विद्या ध्रुव, सौरभ साहू, वासु साहू, लक्की निषाद और पार्वती साहू ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया.

वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लकेश्वर ध्रुव, यश कुमार और विकास ध्रुव के खिलाफ BNS की धारा 115(2), धारा 296, धारा 3(5) और धारा 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें